सहयोग इंडिया के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. अश्विणी जोजरा से सलाहकार नियुक्ति पत्र एवं सम्मान प्राप्त करते समाजसेवी डॉ. पंकज राज मेवाड़ा।
“सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है, और समाज का विश्वास मेरी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।” — डॉ. पंकज राज मेवाड़ा
“सम्मान पद का नहीं,सेवा के समर्पण का होता है। समाजहित के कार्यों ने दिलाई राष्ट्रीय पहचान, अब और व्यापक होगी जनसेवा की राह।”

सहयोग इंडिया के सलाहकार बने डॉ. पंकज राज मेवाड़ा, समाजसेवा के क्षेत्र में मिली नई जिम्मेदारी
सुमेरपुर | जवाई डिजिटल न्यूज़
सुमेरपुर के लिए गौरव का विषय है कि समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय डॉ. पंकज राज मेवाड़ा को जम्मू-कश्मीर मुख्यालय से संचालित देश की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था सहयोग इंडिया का सलाहकार (एडवाइजर) नियुक्त किया गया है। संस्था ने यह महत्वपूर्ण दायित्व दिव्यांगजन सशक्तिकरण, रक्तदान, निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं तथा जनकल्याण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए सौंपा है।
नियुक्ति के अवसर पर संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. अश्विणी जोजरा ने डॉ. मेवाड़ा का पुष्पगुच्छ एवं संस्था की परिचय पुस्तिका भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. मेवाड़ा के अनुभव, दूरदृष्टि और सामाजिक प्रतिबद्धता से संस्था के सेवा कार्यों को नई गति, नई दिशा और व्यापक पहचान मिलेगी।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय युवा दिवस (12 जनवरी) के अवसर पर स्थापित सहयोग इंडिया मानव सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में 49 वर्षों से निरंतर कार्यरत है। माता करमवती जोजरा की प्रेरणा से शुरू हुई यह संस्था आज डॉ. अश्विणी जोजरा के नेतृत्व में देशभर में अनेक जनहितकारी गतिविधियों का संचालन कर रही है।

संस्था अब तक 6 हजार से अधिक निःशुल्क नेत्र ऑपरेशन, 3020 से अधिक जरूरतमंद एवं अनाथ कन्याओं के विवाह, 5 हजार से अधिक दिव्यांग बच्चों की सहायता, सैकड़ों रक्तदान एवं चिकित्सा शिविर, पर्यावरण संरक्षण अभियान तथा विभिन्न सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित कर चुकी है। इसके अलावा विशेष आवश्यकता वाले 42 से 45 बच्चों के लिए निःशुल्क डे-बोर्डिंग केंद्र का संचालन भी किया जा रहा है, जहां शिक्षा, पौष्टिक भोजन, व्यक्तित्व विकास और खेल प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। यहां प्रशिक्षित बच्चों ने स्पेशल ओलंपिक्स भारत में स्वर्ण पदक सहित अनेक उपलब्धियां हासिल कर संस्था और देश का गौरव बढ़ाया है।
नियुक्ति पर डॉ. पंकज राज मेवाड़ा ने संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. अश्विणी जोजरा तथा सहयोग इंडिया परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन द्वारा जताए गए विश्वास पर पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरे उतरेंगे तथा समाजसेवा के कार्यों को अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

जवाई डिजिटल न्यूज़
मुख्य संपादक: अरुण बैरवा, सुमेरपुर | 9461830820







