सलोदरिया के खेत में युवक का शव मिलने से सनसनी, एफएसएल व डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य,मेडिकल बोर्ड से होगा पोस्टमार्टम, हत्या या हादसा—हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
सलोदरिया के खेत में युवक का शव मिलने से सनसनी, एफएसएल व डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य,मेडिकल बोर्ड से होगा पोस्टमार्टम, हत्या या हादसा—हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
सुमेरपुर, 5 जुलाई। सदर थाना क्षेत्र के सलोदरिया गांव स्थित एक खेत में रविवार को एक युवक का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस, वृत्ताधिकारी (सीओ) जितेंद्र सिंह तथा थाना अधिकारी भगाराम मीणा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जांच शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सलोदरिया निवासी जितेंद्र सिंह के रूप में हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम एवं डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और आवश्यक नमूने एकत्र किए।
वृत्ताधिकारी ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से कराया जाएगा, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सके। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला हत्या का है या किसी दुर्घटना का।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए गहनता से जांच कर रही है। फिलहाल मृतक के शव को सुमेरपुर उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। §