ग्रामीण सेवा शिविर में विभिन्न विभागों ने दी सेवाएं, 282 मरीजों का उपचार, 24 शौचालय स्वीकृत
बांकली (सुमेरपुर), 2 जुलाई। राज्य सरकार के निर्देशानुसार गुरुवार को ग्राम पंचायत बांकली स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन की समस्याओं का समाधान किया गया तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्यवाही की गई। शिविर का निरीक्षण उपखंड अधिकारी कालूराम कुम्हार ने किया। उन्होंने सभी विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र ग्रामीणों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। विकास अधिकारी प्रमोद दवे एवं तहसीलदार हिमांशु कच्छावा ने भी शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शिविर प्रभारी मदनलाल मोर्य एवं नायब तहसीलदार प्रतीक शर्मा ने बताया कि शिविर में कुल 10 परिवाद प्राप्त हुए। इनमें पंचायती राज विभाग के 8 तथा राजस्व एवं सिंचाई विभाग के 1-1 परिवाद शामिल रहे। पंचायती राज विभाग ने 6 परिवादों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया, जबकि शेष परिवादों को शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। शिविर के दौरान ग्राम पंचायत की ओर से 12 आवासीय पट्टे, 1 सरकारी भवन का पट्टा, 1 विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र, 1 जन्म प्रमाण पत्र तथा 1 मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया गया। इसके अलावा 24 व्यक्तिगत शौचालयों की स्वीकृति भी प्रदान की गई। ग्रामीणों को वीबीजीरामजी योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया तथा ठोस कचरा अपशिष्ट नियम-2026 की जानकारी देकर स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। राजस्व विभाग ने शिविर में 8 नामांतरण, 6 खातों का शुद्धिकरण तथा 2 बंटवारे के मामलों का निस्तारण किया। चिकित्सा विभाग द्वारा 282 लोगों का उपचार किया गया तथा 228 व्यक्तियों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की गई। पशुपालन विभाग ने 35 पशुओं का उपचार, 220 पशुओं का टीकाकरण तथा 120 पशुओं को कृमिनाशक दवा पिलाई। आयुर्वेद विभाग ने 25 मरीजों को उपचार एवं परामर्श प्रदान किया, जबकि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने एक स्थान से पेयजल का सैंपल लेकर जांच करवाई। शिविर में ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी राम प्रसाद वर्मा, प्रशासक तेजराम देवासी, ग्राम विकास अधिकारी भरत सिंह, भू-अभिलेख निरीक्षक दशरथ सिंह, पटवारी रिडमल सिंह, प्रयोगशाला सहायक राजूराम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।