राशन वितरण में अनियमितताओं का आरोप, बिजली-पानी और सफाई व्यवस्था को लेकर भी कांग्रेस पार्षदों ने उठाई आवाज

सुमेरपुर। जाखानगर और संजयनगर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस के निर्वाचित पार्षदों, पार्टी पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने गुरुवार को उपखंड कार्यालय पहुंचकर उपखंड अधिकारी कालूराम कुम्हार को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान क्षेत्र की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।

नगर कांग्रेस कमेटी सुमेरपुर के अध्यक्ष सुभाष मेवाड़ा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में जाखानगर के राशन डीलर पर मनमानी एवं राशन वितरण में अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए जांच कराने तथा पात्र उपभोक्ताओं को नियमित एवं पारदर्शी तरीके से राशन उपलब्ध करवाने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि राशन वितरण से जुड़ी शिकायतों के कारण क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, ऐसे में मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।

इसके साथ ही जाखानगर और संजयनगर के वार्ड पार्षदों ने क्षेत्र की बिजली, पानी और सफाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं भी उपखंड अधिकारी के समक्ष रखीं। वार्डों में लंबे समय से बंद पड़ी पानी की टंकियों को शीघ्र दुरुस्त करवाकर लोगों को राहत देने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने नियमित सफाई व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति को लेकर भी आवश्यक कार्रवाई की मांग रखी।
ज्ञापन के दौरान नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष मेवाड़ा, जिला कांग्रेस कमेटी पाली के महासचिव जाफर सिलावट, नगर कांग्रेस महासचिव बरकत अली, पूर्व जिला महासचिव महेश परिहार तथा जिला कांग्रेस सचिव अनुराग मीणा सहित कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।
वहीं निर्वाचित पार्षदों में सुभाष मेवाड़ा, मंजू मेघवाल , कुसुम चौहान,हितेश मीणा तथा राजाराम गाडल सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अमृत मेघवाल सहित वार्ड के जनप्रतिनिधि भी क्षेत्रवासियों के साथ उपखंड कार्यालय पहुंचे।
इस दौरान बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष वार्डवासी मौजूद रहे और उन्होंने अपनी समस्याएं उपखंड अधिकारी के समक्ष रखीं। लोगों ने राशन, पेयजल, बिजली और सफाई से जुड़ी समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की।

जवाई डिजिटल न्यूज़ | सुमेरपुर




