🔴 सुमेरपुर से उठेगी जनता की आवाज: यूथ कांग्रेस का ‘पोस्टकार्ड टू सीएम’ अभियान 10 अगस्त से शुरू
घर-घर पहुंचेगी टीम, हर वार्ड से जुटेंगी जनसमस्याएं; पोस्टकार्ड के जरिए सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचेगी जनता की बात
सुमेरपुर। शहर की मूलभूत समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने के उद्देश्य से युवा कांग्रेस सुमेरपुर 10 अगस्त से एक व्यापक जन-जागरण एवं जनसंपर्क अभियान की शुरुआत करने जा रही है। अभियान की सबसे खास पहल “मुख्यमंत्री के नाम पोस्टकार्ड अभियान” होगी, जिसके माध्यम से आमजन अपनी समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री तक भेज सकेंगे।
यह अभियान जाखा नगर से शुरू होकर संजय नगर, पाली बस स्टैंड, शीतला चौक, बाणमाता मंदिर, भैरुजी मंदिर, इंद्र पैलेस होटल क्षेत्र और आदर्श कॉलोनी सहित शहर के विभिन्न वार्डों एवं मोहल्लों तक पहुंचेगा। कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे, उन्हें दर्ज करेंगे और पोस्टकार्ड के माध्यम से सरकार तक पहुंचाएंगे।
🟥 जवाई डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म
“हर गांव, हर शहर… सच के साथ हर खबर पर हमारी नज़र।”

पूरे अभियान का नेतृत्व युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष ललित परिहार कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में चल रहे इस अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। संगठन का दावा है कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आमजन की आवाज को शासन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा।
अभियान के पोस्टर का विमोचन आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़, पाली जिला प्रभारी राजेंद्र मुंड, जिला अध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाड़ा, कांग्रेस प्रत्याशी हरिशंकर मेवाड़ा, प्रभारी मकसूद अहमद, पूर्व डीएमएफटी सदस्य सुमेर सिंह मनवार, उपाध्यक्ष करण सिंह मेड़तिया तथा प्रदेश महासचिव भूराराम सीरवी सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की उपस्थिति में किया गया।
पोस्टर विमोचन समारोह में सुमेरपुर ब्लॉक कांग्रेस, पाली देहात ब्लॉक कांग्रेस, सुमेरपुर नगर कांग्रेस एवं तखतगढ़ नगर कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और इसे सफल बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यह अभियान जनता की समस्याओं को केवल उठाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उनके समाधान के लिए सरकार का ध्यान आकर्षित करने का प्रभावी प्रयास होगा। आने वाले दिनों में कार्यकर्ता प्रत्येक वार्ड और गली-मोहल्ले में जाकर आमजन से संवाद स्थापित करेंगे और उनकी आवाज को पोस्टकार्ड के माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे।

🟥 जवाई डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म
“हर गांव, हर शहर… सच के साथ हर खबर पर हमारी नज़र।”
✍️ मुख्य संपादक: अरुण बैरवा, सुमेरपुर
📞 9461830820







