📞 खबरों के लिए संपर्क करें,अरुण बैरवा, सुमेरपुर – 9461830820
अरावली घाटी में पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ : 1310 किलो डोडा पोस्त के साथ तीन लग्जरी वाहन जब्त
नाकाबंदी तोड़कर भागे तस्कर, स्पाइक स्ट्रिप से पंचर हुए टायर… करोड़ों का नशा छोड़ जंगल में फरार

पाली/सुमेरपुर। राजस्थान में नशा तस्करों के खिलाफ चल रही मुहिम के बीच पाली पुलिस ने सोमवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करों के नेटवर्क को करारा झटका दिया। डीएसटी पाली और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने अरावली घाटी क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान 1310 किलोग्राम डोडा पोस्त से भरे दो स्कॉर्पियो और एक फॉर्च्यूनर वाहन जब्त किए। पुलिस की घेराबंदी और पीछा करने के बाद तस्कर करोड़ों रुपये का मादक पदार्थ और वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल में फरार हो गए।
स्पाइक स्ट्रिप बिछाकर रोके वाहन
पाली पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चैनसिंह महेचा तथा सुमेरपुर वृत्ताधिकारी जितेन्द्र सिंह राठौड़ के सुपरविजन में डीएसटी प्रभारी राजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में उदयपुर-नाना मार्ग स्थित अरावली घाटी में नाकाबंदी की गई थी।
देर रात तेज रफ्तार से आई दो स्कॉर्पियो और एक फॉर्च्यूनर ने पुलिस की नाकाबंदी तोड़ने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्काल स्पाइक स्ट्रिप बिछाकर वाहनों के टायर पंचर कर दिए। इसके बावजूद तस्कर कुछ दूरी तक वाहन दौड़ाते रहे, लेकिन चारों ओर से घिरता देख वाहन और डोडा पोस्त छोड़कर जंगल में भाग निकले।
मौके से बरामद हुआ 1310 किलो डोडा पोस्त

पुलिस ने तीनों वाहनों की तलाशी ली, जिसमें कुल 1310 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। इसके बाद आसपास के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन देर रात तक आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगे। फरार तस्करों की तलाश जारी है।
बाली सेक्टर में तस्करों पर लगातार शिकंजा
पाली पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन के पदस्थापन के बाद बाली सेक्टर में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 24 वाहनों की जब्ती के साथ करीब 6500 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

डीएसटी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
इस अभियान में डीएसटी प्रभारी राजेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक चन्द्रवीर सिंह, श्रवण सिंह, कांस्टेबल लक्ष्मण सिंह, रामनिवास, चालक धर्मेन्द्र सिंह सहित डीएसटी टीम ने विशेष भूमिका निभाई। वहीं सांडेराव, नाना और सुमेरपुर सदर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन को सफल बनाया।
पाली पुलिस की अपील
पाली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत व्हाट्सएप नंबर 9251255006 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

✍️ जवाई डिजिटल न्यूज़ | सुमेरपुर
📞 खबरों के लिए संपर्क करें:
अरुण बैरवा, सुमेरपुर – 9461830820
“जवाई डिजिटल न्यूज़ — सच के साथ, सबसे आगे।”






