⚡ 11 केवी लाइन बनी काल: चंद मिनटों में उजड़ गई छह पशुपालकों की मेहनत, बसंत गांव में करंट ने मचा दी तबाही
बारिश के बीच इंसुलेटर में स्पार्किंग, जमीन पर फैला हाई वोल्टेज करंट; नदी किनारे चर रही छह भैंसों की मौके पर दर्दनाक मौत 
सुमेरपुर | जवाई डिजिटल न्यूज़ | अरुण बैरवा, सुमेरपुर | 9461830820
पाली जिले की सुमेरपुर उपखंड के तखतगढ़ थाना क्षेत्र स्थित बसंत गांव में शुक्रवार सुबह बारिश के दौरान एक हृदयविदारक हादसा हो गया। 11 केवी विद्युत लाइन के इंसुलेटर में स्पार्किंग होने से हाई वोल्टेज करंट जमीन तक फैल गया, जिसकी चपेट में आकर नदी तट पर चर रही छह भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बारिश के बीच बिजली पोल पर लगातार तेज स्पार्किंग हो रही थी। कुछ ही क्षणों में करंट पूरे क्षेत्र में फैल गया और पास में मौजूद भैंसें एक-एक कर जमीन पर गिर पड़ीं। घटनास्थल का दृश्य इतना दर्दनाक था कि वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
तीन पशुपालकों को भारी नुकसान
इस हादसे में भूराराम माली की 2 भैंस, प्रवीण माली की 2 भैंस, मंगलाराम माली की 2 भैंस की मौत हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार इन पशुओं की कीमत लाखों रुपये थी और यही परिवारों की आजीविका का प्रमुख सहारा थीं। 
ग्रामीणों का आरोप—15 मिनट तक दौड़ता रहा करंट
ग्रामीणों का कहना है कि हादसे के दौरान बिजली विभाग को कई बार सूचना दी गई, लेकिन समय पर बिजली आपूर्ति बंद नहीं होने से करीब 15 मिनट तक करंट प्रवाहित होता रहा, जिससे बड़ा नुकसान हुआ। 
पुलिस और पशु चिकित्सकों की टीम पहुंची मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही कोसेलाव चौकी प्रभारी गोपाल सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं कोसेलाव और चाणोद से पशु चिकित्सकों की टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई, पीड़ित पशुपालकों को उचित मुआवजा तथा क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की है।
#JawaiDigitalNews #Sumerpur #Takhatgarh #Pali #BreakingNews #ElectricShock #BuffaloDeath #RajasthanNews #ViralNews




