पालड़ीजोड़ पहुंचे कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी फतेहखान, संगठन मजबूती और जनसरोकारों पर हुआ मंथन
हरिशंकर मेवाड़ा ने राजस्थानी साफा व माला पहनाकर किया स्वागत, कार्यकर्ताओं से किया संवाद
सुमेरपुर | जवाई डिजिटल न्यूज़
सुमेरपुर क्षेत्र के पालड़ीजोड़ स्थित श्रीजी स्टड फार्म में शिव विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी फतेहखान के आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर सुमेरपुर विधानसभा से कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रत्याशी हरिशंकर मेवाड़ा ने उन्हें राजस्थानी साफा एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया। वहीं, एनएसयूआई के पूर्व जिलाध्यक्ष रायचंद खागट का भी अभिनंदन किया गया।
स्वागत समारोह के बाद आयोजित बैठक में फतेहखान, हरिशंकर मेवाड़ा एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने समसामयिक राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक गतिविधियों तथा क्षेत्रीय विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में जनसरोकारों से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देने, कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती और जनता से निरंतर संवाद ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है। जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में पर्बत सिंह सलोदरिया, हरीश सिंह देवड़ा, मुस्ताक खान, रवि मेवाड़ा, नरेंद्र सिंह देवड़ा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
— जवाई डिजिटल न्यूज़ | सुमेरपुर




