बसन्त ग्राम पंचायत के ग्रामीण सेवा शिविर में उमड़ा जनसहभाग, 16 परिवाद प्राप्त, सैकड़ों ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ
सुमेरपुर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार शुक्रवार को ग्राम पंचायत बसन्त स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपखंड अधिकारी कालूराम कुम्हार ने विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। शिविर का निरीक्षण विकास अधिकारी प्रमोद दवे एवं तहसीलदार हिमांशु कच्छावा ने भी किया। शिविर प्रभारी जगदीश सुधाकर ने बताया कि शिविर में कुल 16 परिवाद प्राप्त हुए, जिनमें पंचायती राज विभाग के 9, राजस्व विभाग के 5, विद्युत विभाग का 1 तथा शिक्षा विभाग का 1 परिवाद शामिल रहा। विद्युत विभाग ने एक परिवाद का मौके पर ही निस्तारण कर राहत प्रदान की, जबकि शेष मामलों को शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। शिविर के दौरान ग्राम पंचायत ने 10 आवासीय पट्टे, 1 विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र, 5 जन्म प्रमाण पत्र तथा 5 व्यक्तिगत शौचालयों की स्वीकृति जारी की। साथ ही ग्रामीणों को ठोस कचरा अपशिष्ट नियम-2026 एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया। राजस्व विभाग ने 7 नामांतरण, 15 खातों का शुद्धिकरण तथा 1 बंटवारे का कार्य संपादित किया। चिकित्सा विभाग ने 280 मरीजों का उपचार कर 176 लोगों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की। पशुपालन विभाग ने 167 पशुओं का उपचार, 320 पशुओं का टीकाकरण तथा 300 पशुओं को कृमिनाशक दवा पिलाई। आयुर्वेद विभाग ने 44 रोगियों को उपचार का लाभ प्रदान किया। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने 3 हैंडपंपों की मरम्मत, 5 स्थानों पर पाइपलाइन लीकेज ठीक किए तथा 4 स्थानों से पानी के नमूने जांच के लिए लिए। शिविर में भू-अभिलेख निरीक्षक कन्हैयालाल, ग्राम विकास अधिकारी मुकेश व्यास, पटवारी करणसिंह, पूर्व सरपंच कैलाशशंकर सुधाकर, वार्ड पंच अमृतलाल चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Jawai Digital News, ∼अरुण बैरवा सुमेरपुर.मो. 9461830820