अवैध बजरी माफियाओं पर पुलिस का बड़ा प्रहार, बिना नंबर ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त; चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

पोसालिया/पालड़ी एम। सिरोही जिले में अवैध खनन के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पालड़ी एम थाना पुलिस ने सोमवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी से भरी बिना नंबर की महिन्द्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर खनन माफियाओं में हड़कंप मचा दिया। हालांकि पुलिस की दबिश देखते ही चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया।
जिला पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह राठौड़के निर्देशन में अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोरसिंह चौहान एवं वृताधिकारी शिवगंज पुष्पेन्द्र वर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी टीकमाराम के नेतृत्व में यह कार्रवाई अरठवाड़ा क्षेत्र में की गई।
पुलिस टीम ने मौके से बिना नंबर का महिन्द्रा ट्रैक्टर एवं अवैध बजरी से भरी ट्रॉली को जब्त कर लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक की पहचान राजाराम पुत्र लाखाराम वागरी, निवासी अरठवाड़ा के रूप में हुई है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध बजरी खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी कर प्राकृतिक संसाधनों का दोहन करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:
थानाधिकारी टीकमाराम, हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश, कांस्टेबल शंकरलाल एवं चालक कांस्टेबल जगदीश कुमार ने पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।

रिपोर्ट: चम्पा लाल माली, पोसालिया
मुख्य संपादक: अरुण बैरवा, सुमेरपुर | 9461830820






