सुमेरपुर से 75 किलोमीटर दूर पाली से क्यों मंगवाया डिब्बाबंद भोजन? पैकेट खोलते ही दुर्गंध की शिकायत, सरकारी कार्मिकों की सेहत से खिलवाड़ की जिम्मेदारी किसकी ? सरकारी ट्यूबवेल से चोरी-छिपे पानी लेना पड़ा भारी! नगरपालिका अध्यक्ष चतुर्भुज शर्मा ने मौके पर रुकवाया निर्माण कार्य, एफआईआर के निर्देश सुमेरपुर में आज दशहरे पर दिखेगा भव्यता का संगम! भेरू चौक से निकलेगी विशाल शोभायात्रा, दिल्ली के कलाकार करेंगे रामलीला का मंचन, रंग-बिरंगी आतिशबाजी के बीच जलेगा रावण पंचायत चुनाव 2026 की तैयारियां तेज, सुमेरपुर पहुंचीं EVM मशीनें; कड़ी सुरक्षा में स्ट्रांग रूम सील, सुरक्षित रखरखाव की प्रक्रिया की हुई वीडियोग्राफी सुमेरपुर सदर क्षेत्र में वेयरहाउस से रायड़े की 35 बोरियां चोरी, अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज केनपुरा के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, एक अन्य घायल

कारगिल के रणबांकुरों को पाली का सलाम: शहीदों को अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि, वीर योद्धाओं का केसरिया साफे से हुआ सम्मान

कारगिल के रणबांकुरों को पाली का सलाम: शहीदों को अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि, वीर योद्धाओं का केसरिया साफे से हुआ सम्मान

पाली | जवाई डिजिटल न्यूज़ | 26 जुलाई
जो शहीद हुए हैं उनकी, ज़रा याद करो कुर्बानी…” इसी भाव के साथ कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर रविवार को पाली का शहीद स्मारक देशभक्ति और वीरता के रंग में रंग गया। जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, पाली द्वारा आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ नमन किया गया। उपस्थित लोगों ने पुष्प अर्पित कर भारत माता के वीर सपूतों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को स्मरण किया।
समारोह की मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग) श्रीमती ओम प्रभा एवं जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल गजेंद्र सिंह राठौड़ ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल के अमर वीरों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति के नारों और शहीदों के सम्मान से गूंज उठा।
कार्यक्रम में बांगड़ कॉलेज के लगभग 50 एनसीसी कैडेट्स, बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। युवाओं ने शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेने और राष्ट्र सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर पाली जिले के उन वीर सैनिकों का विशेष सम्मान किया गया, जिन्होंने वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में देश की रक्षा के लिए सीमाओं पर दुश्मनों का डटकर मुकाबला किया था। मुख्य अतिथि ने हो. कैप्टन प्रेम राज चौधरी, हवलदार वेना राम, नायक नारायण सिंह जैतावत, सूबेदार मांगी लाल, सूबेदार फतेह सिंह, सूबेदार मेजर सुमेर सिंह चौहान, नायब सूबेदार शंकर सिंह शेखावत तथा हो. कैप्टन लक्ष्मण सिंह राजपुरोहित को केसरिया साफा पहनाकर सम्मानित किया। सम्मान के इस पल ने उपस्थित लोगों में गर्व और देशभक्ति का भाव भर दिया।
समारोह का संचालन मेकेनाइज्ड इन्फैंट्री के हो. कैप्टन लक्ष्मण सिंह राजपुरोहित ने प्रभावी ढंग से किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जहां उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा और शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
कारगिल विजय दिवस केवल एक तिथि नहीं, बल्कि भारतीय सेना के अदम्य साहस, अटूट संकल्प और सर्वोच्च बलिदान की अमर गाथा है। पाली में आयोजित यह समारोह उन वीर सपूतों के प्रति कृतज्ञ राष्ट्र की भावनाओं का सशक्त प्रतीक बन गया, जिन्होंने देश की आन, बान और शान की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया।

जवाई डिजिटल न्यूज़,अरुण बैरवा,  सुमेरपुर  9461830820

Leave a Comment

और पढ़ें