एक करोड़ एक सीड बॉल क्रांति का शंखनाद: बलाना विद्यालय ने तैयार किए 3600 सीड बॉल, 21 हजार बनाने का लिया संकल्प
‘सीड बॉल वीर’ सम्मान से नवाजा विद्यालय, पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान 
सुमेरपुर | जवाई डिजिटल न्यूज़
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सुमेरपुर उपखंड के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बलाना में सोमवार को “एक करोड़ एक सीड बॉल क्रांति” महाअभियान के तहत प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान विद्यालय परिवार द्वारा तैयार किए गए 3600 सीड बॉल की सराहना करते हुए ग्रीन आर्मी मैन एवं पर्यावरण प्रेमी ओमप्रकाश कुमावत ने विद्यालय को “सीड बॉल वीर” प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्रीन आर्मी मैन ओमप्रकाश कुमावत, हार्टफुलनेस संस्था के जिला समन्वयक सीए चेतन अरोड़ा, सेवानिवृत्त वनपाल पन्नालाल वेराजेतपुरा तथा समाजसेवी रावाराम रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य पूरण कुमार ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत सीए चेतन अरोड़ा ने विद्यार्थियों को ध्यान एवं योग का अभ्यास करवाकर की। इसके बाद ओमप्रकाश कुमावत ने “घर का बीज, जंगल पहुँचाओ” अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि राजस्थान सहित पूरे देश में कार्यशालाओं के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सीड बॉल निर्माण के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यालयों और व्यक्तियों को “सीड बॉल वीर” सम्मान प्रदान किया जाएगा। 
उन्होंने बताया कि एक करोड़ एक सीड बॉल क्रांति के संकल्प को अगले पाँच वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, सीए चेतन अरोड़ा ने कहा कि पाली, सिरोही और जालोर जिले के सरकारी एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों को सीड बॉल निर्माण का प्रशिक्षण देकर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा।
मिशन के तहत अब तक 8 हजार से अधिक बीज सीड बॉल के माध्यम से जंगलों तक पहुँचाए जा चुके हैं। प्रधानाचार्य पूरण कुमार ने बताया कि ग्रीन आर्मी मैन ओमप्रकाश कुमावत की प्रेरणा से विद्यालय में सीड बॉल क्रांति की शुरुआत हुई है तथा विद्यालय परिवार ने 21 हजार सीड बॉल तैयार कर मिशन को समर्पित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुकेश कुमार, अरविंद कुमार, अनिल कुमार, पूरण सिंह, राजेंद्र सिंह, रेखा सुथार, जीवाराम, राकेश कुमार, रणधीर सिंह, मांगीलाल, ईश्वर सिंह, हरिराम, विरधाराम, हरिकमल, मोटाराम, सुरेंद्र सिंह, गणपत कुमार, सुरेश कुमार, अरुणा मैडम, पिंटू कुमार, गौरव सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
— जवाई डिजिटल न्यूज़ | सुमेरपुर
मुख्य संपादक: अरुण बैरवा, सुमेरपुर | 9461830820




