CM भजनलाल शर्मा आज सुमेरपुर में, हेलीपैड से टाउन हॉल तक तैयारियां पूरी

PM श्री विद्यालय मैदान में तैयार हुआ हेलीपैड, पाली-जालोर-सिरोही के कार्यकर्ताओं और नवनिर्वाचित पार्षदों से करेंगे संवाद; सुरक्षा से लेकर यातायात तक पुख्ता इंतजाम
सुमेरपुर, 30 सितंबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज सुमेरपुर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही तैयारियां अब पूरी कर ली गई हैं। PM श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के मैदान में हेलीपैड से लेकर विद्या राज्य राजमाता सिंधिया टाउन हॉल तक प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर शहर में सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और कार्यक्रम स्थल से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है।
मुख्यमंत्री के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे आज दोपहर करीब 3 बजे हेलीकॉप्टर से सुमेरपुर पहुंचेंगे। उनका हेलीकॉप्टर PM श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुमेरपुर के मैदान में तैयार किए गए हेलीपैड पर उतरेगा। इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से टाउन हॉल पहुंचेंगे।

टाउन हॉल में होगा कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद
मुख्यमंत्री के सुमेरपुर दौरे का मुख्य कार्यक्रम विद्या राज्य राजमाता सिंधिया टाउन हॉल में आयोजित होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 3:10 बजे से शाम 5:10 बजे तक कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।
संवाद कार्यक्रम में पाली, जालोर और सिरोही जिलों के कार्यकर्ताओं एवं नवनिर्वाचित पार्षदों के शामिल होने का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री इस दौरान कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे।

कई दिनों से चल रही थी तैयारियां
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पिछले कई दिनों से प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों का दौर चल रहा था। सार्वजनिक निर्माण विभाग, नगरपालिका, पुलिस एवं अन्य विभागों के अधिकारियों ने हेलीपैड से लेकर टाउन हॉल तक व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण किया।
PM श्री विद्यालय मैदान में हेलीपैड की तैयारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन और साफ-सफाई को लेकर विशेष ध्यान दिया गया। वहीं टाउन हॉल में बैठक व्यवस्था, प्रवेश, सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।

प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने संभाला मोर्चा
तैयारियों के दौरान कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत, उपखंड अधिकारी कालूराम कुम्हार, नगरपालिका अधिशासी अधिकारी नरपत सिंह राजपुरोहित, थाना अधिकारी सवाई सिंह महावर, नगरपालिका अध्यक्ष चतुर्भुज शर्मा एवं सफाई निरीक्षक यशवंत परिहार सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि लगातार व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।
अधिकारियों ने हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल और मुख्यमंत्री के आवागमन वाले मार्गों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया। पुलिस एवं प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
शाम 5:20 बजे हेलीकॉप्टर से रवाना होंगे
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम 5:10 बजे टाउन हॉल से रवाना होकर 5:15 बजे सुमेरपुर हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद शाम 5:20 बजे हेलीकॉप्टर से सुमेरपुर से प्रस्थान करने का कार्यक्रम है। इसके बाद मुख्यमंत्री के जोधपुर जाने का कार्यक्रम निर्धारित है।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर अब प्रशासन की तैयारियां पूरी हैं और सुमेरपुर मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए तैयार है। हेलीपैड से लेकर टाउन हॉल तक सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

जवाई डिजिटल न्यूज़ |
मुख्य संपादक अरुण बैरवा, सुमेरपुर | 9461830820




