सुमेरपुर में आस्था का सैलाब, भक्ति के रंग में रंगा पूरा शहर

देवझूलनी एकादशी पर निकली ऐतिहासिक रेवाड़ी, 36 कौम की एकजुटता ने बढ़ाई आयोजन की भव्यता
जागनाथ महादेव से नीलकंठ महादेव मंदिर नदी तक गूंजे जयकारे, शिव बारात-राम दरबार समेत आकर्षक झांकियों ने मोहा मन
सुमेरपुर। देवझूलनी एकादशी के पावन पर्व पर बुधवार को सुमेरपुर में आस्था, उल्लास और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री जागनाथ महादेव मंडल 36 कौम के तत्वावधान में निकली भव्य रेवाड़ी ने पूरे शहर को भक्तिमय कर दिया। मंदिरों से उठते जयकारे, भक्ति गीतों की गूंज, आकर्षक धार्मिक झांकियां और हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने शहर के माहौल को उत्सव में बदल दिया।
जागनाथ महादेव मंदिर देवनगरी से शुरू हुई रेवाड़ी खेड़ादेवी, भैरू चौक, मुख्य बाजार, गांधी मूर्ति सर्किल और राजगुरु सर्किल होते हुए नीलकंठ महादेव मंदिर नदी पहुंची। यहां भगवान को विधिवत स्नान करवाकर पूजा-अर्चना और आरती की गई। इसके बाद रेवाड़ियां जवाई बांध रोड एवं पोस्ट ऑफिस रोड होते हुए अपने-अपने स्थानों की ओर रवाना हुईं।


झांकियों ने खींचा शहरवासियों का ध्यान
रेवाड़ी में शिव बारात, राम दरबार सहित अनेक धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। बाहर से आए कलाकारों की प्रस्तुतियों ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने झांकियों का स्वागत किया और श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ रेवाड़ी में शामिल होते रहे।

36 कौम की एकजुटता बनी आयोजन की पहचान
रेवाड़ी में शहर के विभिन्न समाजों, मंदिर मंडलों और 36 कौम के समाजजनों की सक्रिय सहभागिता रही। अलग-अलग समाजों के लोग एक साथ इस धार्मिक आयोजन में शामिल हुए। श्री जागनाथ महादेव मंडल 36 कौम के अध्यक्ष शांतिलाल देवड़ा, सचिव नटवर रामीणा सहित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।

चुनावी बाड़ेबंदी के बाद रेवाड़ी में दिखी नई राजनीतिक तस्वीर
इस बार देवझूलनी एकादशी की रेवाड़ी में धार्मिक उल्लास के साथ हालिया नगर पालिका चुनाव की झलक भी देखने को मिली। भाजपा का बोर्ड बनने और चतुर्भुज शर्मा के नगर पालिका अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद नवनिर्वाचित पार्षद रेवाड़ी में आमजन के बीच नजर आए।
गांधी मूर्ति सर्किल पर कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत के साथ नगर पालिका अध्यक्ष चतुर्भुज शर्मा, उपाध्यक्ष वीणा देवड़ा एवं निर्वाचित पार्षदगण पहुंचे और मेले के बीच आमजन का अभिवादन किया।
एक रात पहले भजन संध्या में देर रात तक झूमे श्रद्धालु


देवझूलनी एकादशी से पूर्व मंगलवार रात जागनाथ महादेव मंदिर परिसर में श्याम पालिवाल एंड पार्टी की ओर से भव्य भजन संध्या आयोजित की गई। देर रात तक भजनों की गूंज के बीच श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए।
प्रशासन ने भी संभाली व्यवस्थाओं की कमान
बड़े धार्मिक आयोजन को देखते हुए नगर पालिका एवं प्रशासन की ओर से सफाई, मार्ग पर पेचवर्क, नदी क्षेत्र में बैरिकेडिंग तथा यातायात व्यवस्था की गई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरे रूट पर पुलिस जाब्ता तैनात रहा।
सुमेरपुर ने दिया एकता का संदेश
देवझूलनी एकादशी की यह रेवाड़ी धार्मिक आयोजन से आगे बढ़कर सुमेरपुर की परंपरा, सामाजिक सहभागिता और भाईचारे की तस्वीर बनकर सामने आई। जागनाथ महादेव से निकला आस्था का कारवां जब शहर की सड़कों से गुजरा तो पूरा सुमेरपुर भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

Jawai Digital News
सच के साथ, सबसे आगे
मुख्य संपादक अरुण बैरवा सुमेरपुर, 9461830820
#Tags
#JawaiDigitalNews #JawaiDigitalNewsSumerpur #Sumerpur #सुमेरपुर #देवझूलनीएकादशी #जलझूलनीएकादशी #डोलग्यारस #देवझूलनी #रेवाड़ी #भव्यरेवाड़ी #सुमेरपुररेवाड़ी #जागनाथमहादेव #नीलकंठमहादेव #36कौम #36कौमएकता #शोभायात्रा #आस्थाकासैलाब #भक्तिमय_सुमेरपुर #सुमेरपुरसमाचार #पालीसमाचार #JawaiNews #RajasthanNews






