रक्षाबंधन पर मुफ्त सफर का ऐलान, लेकिन सांडेराव-फालना में बहनों की बढ़ी परेशानी
सुबह बसों के इंतजार में घंटों खड़ी रहीं ग्रामीण महिलाएं, अव्यवस्थाओं के बाद हरकत में आया रोडवेज प्रशासन |

9 स्पेशल बसें रूटों पर उतारीं, सांडेराव चौराहे पर फ्लाइंग स्क्वॉड तैनात
स्थानीय रिपोर्टर महावीर मेवाड़ा की रिपोर्ट
सुमेरपुर / सांडेराव। भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह के पर्व रक्षाबंधन पर राजस्थान सरकार की ओर से महिलाओं को 28 और 29 अगस्त रात 11:59 बजे तक रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है। सरकार का यह फैसला बहनों के लिए राहत लेकर आया, लेकिन सांडेराव और फालना में शुक्रवार सुबह इस सुविधा का लाभ लेने पहुंचीं ग्रामीण महिलाओं को बसों की कमी और अव्यवस्थाओं के चलते घंटों परेशानी झेलनी पड़ी।
सुबह से ही सांडेराव मुख्य चौराहे और फालना बस स्टैंड पर मायके जाने वाली महिलाओं की भारी भीड़ जुट गई। दूर-दराज के गांवों से महिलाएं सुबह जल्दी घरों से निकलकर बस पकड़ने पहुंचीं, लेकिन पर्याप्त बसें उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। कई महिलाएं भूखी-प्यासी बसों का इंतजार करती नजर आईं।

पुरानी अव्यवस्थाओं के बावजूद नहीं दिखी सुबह की तैयारी
स्थानीय यात्रियों का कहना है कि त्योहारी अवसरों पर महिलाओं की संख्या अचानक बढ़ने की जानकारी पहले से होती है। इसके बावजूद सुबह के समय पर्याप्त बस व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।
गौरतलब है कि 8 मार्च अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के दौरान भी रोडवेज व्यवस्था को लेकर ऐसी ही स्थिति सामने आई थी। उस समय भी अलर्ट मोड के दावों के बावजूद यात्रियों को बसों की कमी का सामना करना पड़ा था। ऐसे में रक्षाबंधन जैसे बड़े पर्व पर सुबह की अव्यवस्था ने रोडवेज की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए।
शिकायतों के बाद प्रशासन हुआ सक्रिय
महिलाओं की बढ़ती भीड़ और परेशानी को देखते हुए फालना डिपो प्रशासन हरकत में आया। यात्रियों को राहत देने के लिए 9 स्पेशल बसें अतिरिक्त रूप से रूटों पर उतारी गई हैं। वहीं सांडेराव मुख्य चौराहे पर विशेष फ्लाइंग स्क्वॉड तैनात किया गया है, जो लगातार भीड़ की स्थिति पर नजर रखेगा।
फालना डिपो प्रबंधक गणेश शर्मा ने बताया कि जिस रूट पर यात्रियों और विशेषकर महिलाओं की संख्या अधिक होगी, वहां स्पेशल बसों को तत्काल भेजा जाएगा।
“रक्षाबंधन के त्योहार पर उमड़ने वाली भारी भीड़ और महिलाओं की परेशानी को देखते हुए रोडवेज प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। यात्रियों की सुविधा के लिए 9 स्पेशल बसें अतिरिक्त लगाई गई हैं। सांडेराव मुख्य चौराहे पर तैनात स्पेशल फ्लाइंग स्क्वॉड को निर्देश दिए गए हैं कि हर आधे घंटे में भीड़ की समीक्षा करें। जिस रूट पर महिलाओं की संख्या अधिक होगी, इन स्पेशल बसों को तुरंत वहीं रवाना किया जाएगा।”
— गणेश शर्मा, फालना डिपो प्रबंधक
सवाल यह कि तैयारी पहले क्यों नहीं?
रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की घोषणा पहले से होने के बावजूद यदि सुबह के समय बसों की कमी सामने आती है और यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ता है, तो यह व्यवस्था और पूर्व तैयारी पर सवाल खड़े करता है।
अब देखना होगा कि 9 स्पेशल बसों और फ्लाइंग स्क्वॉड की तैनाती के बाद सांडेराव-फालना क्षेत्र में बहनों का सफर कितना सुगम हो पाता है।
जवाई डिजिटल न्यूज़ सुमेरपुर | मुख्य संपादक अरुण बैरवा | 9461830820
#रक्षाबंधन #सांडेराव #फालना #रोडवेज #RSRTC #मुफ्तयात्रा #महिलासुविधा #जवाईडिजिटलन्यूज़ #सुमेरपुर





