— मुख्य संपादक: अरुण बैरवा, सुमेरपुर | 9461830820
गुरु पूर्णिमा पर गूंजेगा ‘गुरुगौरवम्’ : गुरुजनों का होगा सम्मान, विद्यार्थियों में संस्कार और नशामुक्ति का संदेश 
सुमेरपुर | जवाई डिजिटल न्यूज़
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भारत विकास परिषद् की ओर से प्रदेशभर में एक अनूठे सांस्कृतिक और संस्कारमयी अभियान ‘गुरुगौरवम्’ का शुभारंभ किया जाएगा। इस अभियान के तहत राजस्थान के 300 से अधिक सरकारी एवं निजी विद्यालयों में गुरुजनों का सम्मान किया जाएगा, जबकि एक लाख से अधिक विद्यार्थियों तक गुरु-शिष्य परंपरा, माता-पिता के सम्मान, राष्ट्रभक्ति और नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया जाएगा। 
भारत विकास परिषद् राजस्थान पश्चिम प्रांत के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र गहलोत एडवोकेट ने बताया कि परिषद् की 35 शाखाओं के पदाधिकारी विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर गुरुजनों का अभिनंदन करेंगे। उन्होंने कहा कि गुरु केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव रखते हैं। ऐसे में विद्यार्थियों के मन में गुरु एवं माता-पिता के प्रति सम्मान की भावना जागृत करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। 
क्षेत्रीय महासचिव सीए संदीप बाल्दी ने बताया कि अभियान की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रत्येक शाखा अपने क्षेत्र के विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित करेगी। यह अभियान विद्यार्थियों में अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व, राष्ट्रप्रेम और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
‘संस्कार’ गतिविधि के राष्ट्रीय संयोजक एवं जोबनेर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. त्रिभुवन शर्मा ने बताया कि भारत विकास परिषद् वर्ष 1999 से लगातार गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित कर रही है। आज यह अभियान देशभर में लाखों विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और गुरु-शिष्य परंपरा से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन चुका है।
सुमेरपुर-शिवगंज शाखा में विशेष आयोजन
भारत विकास परिषद् सुमेरपुर-शिवगंज शाखा के अध्यक्ष परबतसिंह ने बताया कि स्थानीय स्तर पर स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल विद्यालय में भव्य ‘गुरुगौरवम्’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में गुरुजनों का सम्मान करने के साथ शिक्षा, खेल, संस्कृति एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का भी अभिनंदन किया जाएगा। 
शाखा सचिव डॉ. देवेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों को माता-पिता के सम्मान और सेवा का संकल्प दिलाने के साथ नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए शपथ भी दिलाई जाएगी। वहीं शाखा कोषाध्यक्ष सीए चेतन प्रकाश अरोड़ा पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, सीड बॉल निर्माण तथा ध्यान जैसे जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित करेंगे।
गुरु पूर्णिमा पर आयोजित होने वाला यह अभियान केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, संस्कार, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त समाज के निर्माण का जनआंदोलन बनने जा रहा है।







