मुख्य संपादक: अरुण बैरवा, सुमेरपुर
📞 9461830820

शिवगंज राजकीय महाविद्यालय में नवप्रवेशित छात्राओं का हुआ स्वागत, ओरिएंटेशन में मिली उच्च शिक्षा और छात्रवृत्ति की जानकारी
शिवगंज। स्थानीय राजकीय महाविद्यालय शिवगंज में बीए प्रथम सेमेस्टर की नवप्रवेशित छात्राओं के लिए एक दिवसीय ओरिएंटेशन (अभिविन्यास) कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशित छात्राओं का महाविद्यालय परिवार की ओर से उत्साहपूर्वक स्वागत करते हुए उन्हें कॉलेज जीवन, शैक्षणिक गतिविधियों, अनुशासन, सह-शैक्षणिक गतिविधियों एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रवि शर्मा ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण मार्ग है। उन्होंने छात्राओं से नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने तथा महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप की दी महत्वपूर्ण जानकारी
कार्यक्रम में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के प्रतिनिधि श्री मुदित जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने छात्राओं को अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप योजना के उद्देश्य, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह छात्रवृत्ति योग्य एवं जरूरतमंद छात्राओं को उच्च शिक्षा जारी रखने में आर्थिक एवं नैतिक संबल प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
छात्राओं ने छात्रवृत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं को नोट किया तथा योजना को लेकर अपनी जिज्ञासाओं एवं सवालों के जवाब भी प्राप्त किए।
इस अवसर पर इतिहास विभाग की सहायक आचार्य डॉ. सीमा चारण ने भी छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नवप्रवेशित छात्राओं को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने तथा अध्ययन के साथ अन्य गतिविधियों में भाग लेने के व्यावहारिक सुझाव दिए।
कार्यक्रम का सफल संचालन राजनीति विज्ञान की सहायक आचार्य श्रीमती अंजली कविया ने किया। उन्होंने छात्राओं को उच्च शिक्षा की बारीकियों के साथ महाविद्यालय के अनुशासन, शैक्षणिक व्यवस्था एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों से अवगत कराया।
ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को महाविद्यालय में संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, छात्रवृत्तियों एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी गई। बीए प्रथम वर्ष की नवप्रवेशित छात्राओं ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया।
सुमेरपुर | जवाई डिजिटल न्यूज़
मुख्य संपादक: अरुण बैरवा, सुमेरपुर
📞 9461830820
जवाई डिजिटल न्यूज़ — स्थानीय खबरों की विश्वसनीय आवाज।
#Shivganj #GovernmentCollege #OrientationProgram #AzimPremjiScholarship #Scholarship #Sumerpur #Pali #JawaiDigitalNews #EducationNews #CollegeNews




