गड्ढों ने छीनी रफ्तार, बस के पहिए तले आया बाइक सवार: हादसे के बाद भी नहीं जागा लोकनिर्माण_विभाग
सांडेराव के संपर्क मार्ग की बदहाल सड़क बनी ‘मौत का रास्ता’, ग्रामीणों में फूटा आक्रोश, तत्काल मरम्मत की उठी मांग
रिपोर्ट: महावीर मेवाड़ा, सांडेराव
सांडेराव | जवाई डिजिटल न्यूज़

“सड़क पर गड्ढे हैं या गड्ढों के बीच सड़क?” यह सवाल आज सांडेराव कस्बे के हर राहगीर की जुबान पर है। मुख्य फोरलेन से कस्बे के भीतर आने वाले संपर्क मार्ग की जर्जर हालत अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्रवासियों में लोक निर्माण विभाग (PWD) और प्रशासन की कार्यशैली को लेकर भारी रोष व्याप्त है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फोरलेन से सांडेराव की ओर आ रहा एक बाइक चालक सड़क पर बने गहरे गड्ढे में बाइक का संतुलन खो बैठा। इसी दौरान पीछे से आ रही राजस्थान रोडवेज की बस उसकी चपेट में आ गई। हादसे में बस का पहिया युवक के पैर पर चढ़ गया, जिससे उसका पैर बुरी तरह फ्रैक्चर हो गया।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल युवक को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जोधपुर रेफर कर दिया।
हर दिन मौत को दावत दे रही है यह सड़क

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह संपर्क मार्ग कस्बे के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है, लेकिन सड़क जगह-जगह से पूरी तरह टूट चुकी है। बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई दिखाई नहीं देती, जिससे दोपहिया वाहन चालक अक्सर हादसों का शिकार हो जाते हैं। रात के समय यह मार्ग और भी अधिक खतरनाक हो जाता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार लोक निर्माण विभाग और प्रशासन को सड़क की बदहाली से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। नतीजतन आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोग अपनी जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं।
ग्रामीण बोले— हादसे नहीं, अब कार्रवाई चाहिए
हादसे के बाद लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत कर दी जाती तो यह दुर्घटना टाली जा सकती थी। लोगों ने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने, सभी गड्ढों को भरने तथा जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क की स्थिति नहीं सुधारी गई तो जनआंदोलन किया जाएगा। उनका कहना है कि विकास के दावों के बीच यह बदहाल सड़क प्रशासन की लापरवाही की कहानी बयां कर रही है।
🖊️ रिपोर्ट: महावीर मेवाड़ा, सांडेराव
📺 जवाई डिजिटल न्यूज़
मुख्य संपादक: अरुण बैरवा, सुमेरपुर
📞 9461830820






