मुख्य संपादक: अरुण बैरवा, सुमेरपुर 📞 9461830820
संगीतमय रामकथा एवं श्रीमद्भागवत कथा की अमृतधारा से भक्तिमय हुआ सुमेरपुर, भव्य कलश और शोभायात्रा के साथ दो माह के धार्मिक चातुर्मास महोत्सव का हुआ शुभारंभ
रोकड़िया हनुमान मंदिर से बाण माता मंदिर तक निकली विशाल कलश यात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया धर्मलाभ

सुमेरपुर | जवाई डिजिटल न्यूज़
धर्मनगरी सुमेरपुर में श्रावण मास एवं चातुर्मास के पावन अवसर पर शुक्रवार को चातुर्मास सेवा समिति, सुमेरपुर के तत्वावधान में आयोजित संगीतमय रामकथा एवं श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का भव्य शुभारंभ विशाल कलश यात्रा के साथ हुआ। धार्मिक आस्था, भक्ति और उत्साह से सराबोर इस आयोजन में नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर पारंपरिक वेशभूषा में शोभायात्रा की अगुवाई की, जबकि श्रद्धालु भगवान के जयघोष करते हुए कथा स्थल तक पहुंचे।
रोकड़िया हनुमान मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा
कलश यात्रा रोकड़िया हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर मेन बाजार, भैरू चौक सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई बाण माता मंदिर प्रांगण, झांसी रानी सर्किल रोड स्थित कथा स्थल पहुंची। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। भगवान की आकर्षक झांकी, भजन-कीर्तन और जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण हुआ
महामंडलेश्वर हरिरामदास जी महाराज ने दिया धर्म और संस्कारों का संदेश
कथा का शुभारंभ महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 हरिरामदास जी महाराज,(तपस्वी महाराज) के पावन सान्निध्य में हुआ। उन्होंने अपने प्रथम प्रवचन में श्रीमद्भागवत कथा की महिमा बताते हुए कहा कि धर्म, भक्ति, सेवा और संस्कार ही मानव जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। कथा श्रवण से मनुष्य का जीवन पवित्र होता है तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का विस्तार होता है।
प्रतिदिन होंगे कथा, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम
समिति के अनुसार महोत्सव 31 जुलाई से 26 सितंबर 2026 तक चलेगा। प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा तथा रात्रि 8 बजे से 10 बजे तक संगीतमय भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाद्रपद पूर्णिमा पर पूर्णाहुति एवं महाप्रसादी के साथ आयोजन का समापन होगा।
आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्यों की अहम भूमिका
चातुर्मास सेवा समिति के हिम्मत गेहलोत ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली गई थीं और प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन में रूपाराम परिहार, नारायण चौधरी, मांगीलाल गेहलोत, लालूराम गेहलोत, हजारीमल खेजड़िया, भंवरलाल देवड़ा, हरीश परिहार, शांतिलाल देवड़ा, मीठालाल देवड़ा, जवानमल गेहलोत, धीरज सांखला, चंपालाल गेहलोत, नटवर रामीना, चंपालाल कुमावत, मोहनलाल परिहार, कांतीलाल गेहलोत, मूलचंद संदेश, सुभाष मेवाड़ा, दिनेश गेहलोत, महेश परिहार, उम्मेद सांखला, पारस सांखला, अनिल गेहलोत, दीपक गेहलोत, सुरेश सुथार, उषा गेहलोत, महिला मंडल अध्यक्ष वीणा देवड़ा, नरेश सांखला, शंकर कच्छवाह, प्रकाश गोयल, कैलाश गेहलोत, दीपक गोयल एवं पर्वत कच्छवाह सहित समिति के सभी पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
धर्मप्रेमियों से की कथा श्रवण की अपील
चातुर्मास सेवा समिति ने नगर एवं आसपास के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से परिवार सहित कथा में पहुंचकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।
और श्रद्धालुओं का मानना है कि यह दो माह का धार्मिक महोत्सव सुमेरपुर की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

जवाई डिजिटल न्यूज़ | सुमेरपुर
मुख्य संपादक: अरुण बैरवा, सुमेरपुर
📞 9461830820
“आस्था, संस्कृति और समाज की हर धड़कन… सबसे पहले, सबसे सटीक।”






