Jawai Digital news, अरुण बैरवा सुमेरपुर,9461830820
ग्रामीण सेवा शिविर में 7 आवासीय पट्टे वितरित, 5 पशु बीमा पॉलिसियां मिलीं; सलोदरिया में ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान पर प्रशासन का फोकस
उपखंड अधिकारी कालूराम कुम्हार ने की जनसुनवाई, सड़क, अतिक्रमण और सीसी सड़क निर्माण सहित कई मांगों पर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

सुमेरपुर/सलोदरिया, 10 जुलाई।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत सलोदरिया के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपखंड अधिकारी कालूराम कुम्हार ने 7 लाभार्थियों को पुश्तैनी आवासीय मकानों के पट्टे तथा मंगला पशु बीमा योजना के तहत 5 पशु बीमा पॉलिसियां वितरित कीं। वर्षों के इंतजार के बाद पट्टे मिलने से लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने राज्य सरकार व उपखंड प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
शिविर के दौरान उपखंड अधिकारी ने आमजन की जनसुनवाई कर विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त परिवादों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। शिविर में तहसीलदार हिमांशु कच्छावा भी उपस्थित रहे।
शिविर प्रभारी रफीक मोहम्मद ने बताया कि कुल 9 परिवाद प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व विभाग के 3, पंचायतीराज विभाग के 2, जोधपुर डिस्कॉम के 2 तथा चिकित्सा एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग के एक-एक परिवाद शामिल रहे। ग्रामीणों ने सलोदरिया को जोड़ने वाली सड़कों के दोनों ओर बबूल की कटाई, सड़क के मोड़ों को चौड़ा करने, हरिजन बस्ती में सीसी सड़क निर्माण तथा सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग प्रमुखता से उठाई।
शिविर में ग्राम पंचायत द्वारा 7 आवासीय पट्टे और 5 व्यक्तिगत शौचालयों की स्वीकृति जारी की गई। साथ ही ग्रामीणों को ठोस कचरा अपशिष्ट नियम-2026 की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
विभिन्न विभागों ने शिविर में उल्लेखनीय सेवाएं प्रदान कीं। राजस्व विभाग ने 11 नामांतरण एवं 9 खातों का शुद्धिकरण, वन विभाग ने 30 पौधों का वितरण, चिकित्सा विभाग ने 217 मरीजों का उपचार तथा 212 लोगों की स्वास्थ्य जांच, पशुपालन विभाग ने 314 पशुओं का उपचार एवं 200 पशुओं को कृमिनाशक दवा, आयुर्वेद विभाग ने 53 मरीजों को लाभान्वित किया, जबकि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने एक स्थान पर पाइप लाइन लीकेज का समाधान किया।
शिविर में प्रशासक परबत सिंह राणावत, भू-अभिलेख निरीक्षक दशरथ सिंह, ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी रामप्रसाद वर्मा, आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. राजेश कुमार, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मयंक जैन, ग्राम विकास अधिकारी विक्रम कुमार, कृषि पर्यवेक्षक संजय चौधरी, कनिष्ठ सहायक गणेशराम सोनल सहित जनप्रतिनिधि एवं सलोदरिया, कानपुरा और फतापुरा के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




