— अरुण बैरवा, सुमेरपुर
Jawai Digital News
मो. 9461830820
सरकार को आंगनबाड़ी कर्मियों की दो टूक चेतावनी,1 जुलाई से कार्य बहिष्कार, 7 जुलाई से प्रदेशव्यापी आम हड़ताल,सुमेरपुर ब्लॉक की समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
सुमेरपुर, 1 जुलाई। अखिल राजस्थान महिला एवं बाल विकास संयुक्त कर्मचारी संघ के आह्वान पर सुमेरपुर ब्लॉक की समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने अपनी 11 सूत्रीय लंबित मांगों के समर्थन में एकजुट होकर महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से तथा उपखंड अधिकारी कालूराम कुम्हार को राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम ज्ञापन सौंपा। 
कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो 1 जुलाई से कार्य बहिष्कार और 7 जुलाई से प्रदेशव्यापी आम हड़ताल की जाएगी। 
ज्ञापन में बताया गया कि लंबे समय से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की विभिन्न मांगें लंबित हैं, लेकिन सरकार द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे कर्मचारियों में गहरा रोष व्याप्त है। संघ ने कहा कि आंदोलन के दौरान विभागीय कार्य प्रभावित होने की स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार और संबंधित विभाग की होगी। 
कर्मचारियों ने अपनी 11 सूत्रीय मांगों में ठेका प्रथा समाप्त करने, गैर-आईसीडीएस कार्यों से मुक्ति, मध्यप्रदेश की तर्ज पर मानदेय बढ़ाने, बकाया मानदेय एवं ग्रेच्युटी का भुगतान, भवन किराया, नियमितीकरण की नीति, सेवानिवृत्ति पर एकमुश्त सहायता एवं पेंशन, महिला पर्यवेक्षक के रिक्त पदों पर भर्ती, ग्रीष्मकालीन अवकाश की समान नीति तथा सामुदायिक गतिविधियों एवं प्रोत्साहन राशि सहित अन्य लंबित भुगतानों का शीघ्र निस्तारण करने की मांग की।

संघ पदाधिकारियों ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं वर्षों से कम मानदेय और अतिरिक्त कार्यभार के बीच सेवाएं दे रही हैं, लेकिन उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। यदि सरकार ने वार्ता कर मांगों का समाधान नहीं किया तो प्रदेशभर में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।





