सफर-ए-उमरा में सुमेरपुर के नासिर खान ने बढ़ाया भारत का मान, मक्का में तिरंगे की छतरी के साथ दिखाया देशप्रेम; काबा के पहले दीदार से भावुक हुआ मन
विदेशी धरती पर तिरंगे के सम्मान के साथ आस्था का अनूठा संगम, देश की खुशहाली और अमन-चैन के लिए की दुआ

सुमेरपुर | जवाई डिजिटल न्यूज़
सुमेरपुर क्षेत्र के पालड़ी जोड़ निवासी एवं जिला कांग्रेस सचिव नासिर खान इन दिनों अपने परिवार के साथ पवित्र सफर-ए-उमरा पर हैं। मक्का मुकर्रमा पहुंचने के बाद उन्होंने ग्रैंड मस्जिद अल-हराम में हाजिरी देकर काबा-ए-मुअज्ज़मा का पहला दीदार किया। इस भावुक और आध्यात्मिक पल ने उनके वर्षों पुराने सपने को साकार कर दिया तथा उनका मन श्रद्धा और सुकून से भर उठा।
उमरा यात्रा के दौरान नासिर खान ने सऊदी अरब की पवित्र धरती पर भारतीय तिरंगे के रंगों से सुसज्जित छतरी (अम्ब्रेला) का उपयोग कर अपने देश के प्रति सम्मान और अटूट प्रेम का संदेश दिया। विदेशी धरती पर तिरंगे के रंगों के माध्यम से भारत की पहचान को सम्मानपूर्वक प्रस्तुत करने का उनका यह प्रयास श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण और चर्चा का विषय बना।
नासिर खान ने बताया कि हिंदुस्तान से मक्का की मुकद्दस ज़मीन तक का यह सफर उनके जीवन का सबसे यादगार, भावनात्मक और आध्यात्मिक अनुभव है। मस्जिद अल-हराम में प्रवेश कर काबा शरीफ का पहला दीदार करना उनके लिए किसी अनमोल सौभाग्य से कम नहीं रहा।
उन्होंने अल्लाह तआला से भारत सहित पूरी दुनिया में अमन, भाईचारे, खुशहाली और तरक्की की दुआ करते हुए कहा कि यह मुकद्दस सफर हर मुसलमान की सबसे बड़ी तमन्ना होती है। अल्लाह सभी की नेक दुआओं को कुबूल फरमाए और हर चाहने वाले को इस पवित्र यात्रा की सौगात नसीब करे।

— जवाई डिजिटल न्यूज़
सुमेरपुर से पाली, राजस्थान से देश-दुनिया तक…
मुख्य संपादक: अरुण बैरवा, सुमेरपुर | मो. 9461830820




