भीड़ में पटाखे नहीं, दशहरा मैदान में हो बिक्री!व्यस्त बाजारों में अस्थायी पटाखा लाइसेंस रोकने की मांग,सुरक्षा के लिए प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

सुमेरपुर। दीपावली से पहले पटाखों की बिक्री को लेकर सुमेरपुर में सुरक्षा व्यवस्था का मुद्दा गरमा गया है। भीड़भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पटाखा बिक्री की अनुमति नहीं देने की मांग को लेकर अधिवक्ता किशोर खण्डेलवाल ने उपखंड मजिस्ट्रेट सुमेरपुर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मैन बाजार, गांधव चौराहा, जालोर चौराहा और भैरू चौक जैसे व्यस्त इलाकों के अलावा फुटपाथ, पेट्रोल पंप, मंदिरों, दुकानों एवं मॉल के आसपास अस्थायी पटाखा लाइसेंस जारी नहीं करने की मांग की गई। उनका कहना है कि इन स्थानों पर पटाखों की बिक्री से यातायात प्रभावित होने के साथ आगजनी अथवा किसी अप्रिय घटना की स्थिति में बड़ा खतरा पैदा हो सकता है।
🎇 एक जगह हो पटाखों की बिक्री, सुरक्षा भी रहे मजबूत
ज्ञापन में प्रशासन के सामने दशहरा मैदान में एक निर्धारित स्थान पर अस्थायी पटाखा बाजार लगाने का सुझाव रखा गया। खण्डेलवाल के अनुसार दशहरा मैदान में पर्याप्त खुला स्थान उपलब्ध है, जहां प्रशासन सुरक्षा मानकों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर सकता है।
मांग की गई कि फुटकर पटाखा विक्रेताओं को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में दुकानें लगाने के बजाय दशहरा मैदान में निर्धारित स्थान उपलब्ध कराया जाए। इससे बाजारों में भीड़ और यातायात का दबाव कम होने के साथ पटाखा बिक्री के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को नियंत्रित करना आसान हो सकेगा।
ज्ञापन में प्रशासन से दशहरा मैदान का निरीक्षण करवाकर सुरक्षा की दृष्टि से उपयुक्त पाए जाने पर वहीं अस्थायी पटाखा बिक्री के लाइसेंस जारी करने की व्यवस्था करने की मांग की गई।
इस दौरान नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं पार्षद सुभाष मेवाड़ा, कांग्रेस जिला महासचिव जाफर सिलावट, प्रभु सिंह देवड़ा, मदन सिंह, सचिव अनुराग मीणा, पूर्व महासचिव महेश परिहार, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष ललकार सिंह राणावत, ललित परिहार, एडवोकेट किशोर खण्डेलवाल, मानसिंह, कपिल दत्ता, एडवोकेट सुमन, विनोद सिंह पराखिया, पूर्व पार्षद मेहबूब कायमखानी, पार्षद राजाराम गाडल, अमृतलाल, शैतान कुमार, कमलेश चौहान, हितेश मीणा, एडवोकेट हर्षद देवड़ा, महावीर सिंह कोसेलाव, रूपाराम मीणा, फिरोज खान, बाबूलाल बोराणा, जसवंत भारद्वाज, राकेश बोराणा एवं बंशीलाल गर्ग सहित बड़ी संख्या में पार्षद एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जवाई डिजिटल न्यूज़ |
मुख्य संपादक अरुण बैरवा सुमेरपुर, 9461830820
#सुमेरपुर #पटाखा_बिक्री #दीपावली #दशहरा_मैदान #सुरक्षा #नगरपालिका #पाली #JawaiDigitalNews




