मुख्य संपादक अरुण बैरवा सुमेरपुर, 9461830820
जवाई बांध में युवती के छलांग लगाने की सूचना से हड़कंप

करीब 6 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन, अंधेरा होने पर रोका अभियान, SDRF टीम मौके पर, सुबह फिर शुरू होगी तलाश
सुमेरपुर। जवाई बांध के हिल स्टेशन के पास बांध की पाल पर रविवार दोपहर एक युवती के बांध में छलांग लगाने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सुमेरपुर थानाधिकारी सवाई सिंह महावर मय जाप्ता मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेते हुए युवती की तलाश शुरू करवाई।
पुलिस के अनुसार घटना की सूचना करीब दोपहर 1 बजकर 16 मिनट पर मिली। मौके पर बांध की पाल के पास युवती की चप्पलें मिलीं, जिसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में तलाश और युवती की पहचान के प्रयास शुरू किए।
CCTV फुटेज में जवाई बांध की पाल पर नजर आई युवती
मामले में सुराग जुटाने के लिए थानाधिकारी सवाई सिंह महावर जवाई बांध के कंट्रोल रूम पहुंचे और वहां लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फुटेज में करीब 20 वर्ष की युवती दिखाई देने की बात सामने आई है। युवती ने टी-शर्ट और जींस पहन रखी थी।
CCTV फुटेज के आधार पर युवती की पहचान करने के साथ पुलिस आसपास के क्षेत्रों में किसी युवती के लापता होने की जानकारी भी जुटा रही है।

छह घंटे तक बांध में चला तलाशी अभियान
युवती की तलाश में स्थानीय गोताखोर हरीश कुमार मेघवाल और प्रकाश कुमार वाल्मीकि ने करीब छह घंटे तक बांध में रेस्क्यू अभियान चलाया। लगातार प्रयासों के बावजूद शाम तक युवती का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
अंधेरा बढ़ने के कारण सुरक्षा को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया। थानाधिकारी सवाई सिंह महावर के निर्देश पर NDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। अब सोमवार सुबह करीब 7 बजे दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। मौके पर एम्बुलेंस भी मौजूद रही।
30 साल से निःशुल्क सेवाएं दे रहे गोताखोर, संसाधनों को लेकर जताई नाराजगी

तलाशी अभियान के दौरान गोताखोर हरीश कुमार मेघवाल ने प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराए जाने वाले संसाधनों को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि वह और गोताखोर प्रकाश कुमार वाल्मीकि पिछले करीब 30 वर्षों से ऐसी घटनाओं में मौके पर पहुंचकर निःशुल्क और बिना किसी लालच के लोगों की तलाश में सहयोग करते आ रहे हैं।
मेघवाल ने बताया कि रेस्क्यू के दौरान उपयोग होने वाले कई संसाधन वे स्वयं के खर्चे पर लेकर आते हैं। कई बार अभियान के दौरान उपकरण बांध में गिर जाने पर उन्हें दोबारा अपने खर्चे से खरीदना पड़ता है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसी घटनाओं के लिए जरूरी रेस्क्यू संसाधन मौके पर उपलब्ध करवाए जाएं, ताकि आपात स्थिति में गोताखोरों को तत्काल उपकरण मिल सकें और उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है।

युवती ने क्यों लगाई छलांग? वजह अभी रहस्य
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि युवती की पहचान कौन है और उसने आखिर जवाई बांध में छलांग क्यों लगाई? हालांकि, अभी छलांग लगाने के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। युवती की पहचान और रेस्क्यू के बाद सामने आने वाले तथ्यों से ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस CCTV फुटेज सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं सुबह होने के बाद NDRF और रेस्क्यू टीम फिर से बांध में तलाश अभियान शुरू करेगी।
मौके पर सीआई सवाई सिंह, हेड कांस्टेबल पूसाराम, मोडाराम, पदमाराम और छोटूसिंह सहित पुलिस जाप्ता मौजूद रहा।

जवाई डिजिटल न्यूज़ संदेश
हर गांव, हर शहर… सच के साथ हर खबर पर हमारी नज़र।
मुख्य संपादक अरुण बैरवा सुमेरपुर, 9461830820






