‘आशीर्वाद का दिया’ से जगमगाया शिवगंज, दीप प्रज्वलन के साथ विकसित भारत जन सेवा अभियान का आगाज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव पर राजकीय महाविद्यालय व कन्या महाविद्यालय में हुआ दीप प्रज्वलन, एक माह चलेगा ‘सेवा—मेरा संकल्प अभियान’
शिवगंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के अवसर पर राजकीय महाविद्यालय शिवगंज में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। शाम 7 बजे दीप प्रज्वलन के साथ एक माह तक चलने वाले ‘विकसित भारत जन सेवा अभियान’ का शुभारंभ किया गया।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. रवि शर्मा सहित समस्त स्टाफ, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक एवं अन्य सदस्य मौजूद रहे। दीप प्रज्वलन के माध्यम से सेवा, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका का संदेश दिया गया।
अभियान को लेकर हुई बैठक
कार्यक्रम से पहले प्राचार्य डॉ. रवि शर्मा ने संबंधित प्रभारियों की बैठक लेकर एक माह तक संचालित होने वाले ‘सेवा—मेरा संकल्प अभियान’ की रूपरेखा, महत्वपूर्ण बिंदुओं एवं प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी दी।

कन्या महाविद्यालय में भी जले दीप
इसी अवसर पर राजकीय कन्या महाविद्यालय शिवगंज में भी दीप प्रज्वलन कर अभियान की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ. नरपत सिंह देवड़ा, डॉ. संगीता रौतेला, राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सीमा चारण, लालाराम जांगिड़, नरपत राम सहित स्वयंसेवक एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
घर-घर रोशन हुआ ‘आशीर्वाद का दिया’
केंद्र एवं राज्य सरकार की छात्रवृत्ति योजनाओं, स्कूटी योजना तथा युवा संसद में भाग लेने वाले प्रतिभागियों ने भी अपने-अपने घरों पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। इस दौरान सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और विकसित भारत के संकल्प का संदेश दिया गया।

Jawai Digital News का संदेश
हर गांव, हर शहर… सच के साथ हर खबर पर हमारी नज़र।
मुख्य संपादक अरुण बैरवा, सुमेरपुर
मो.: 9461830820






