मुख्य संपादक — अरुण बैरवा, सुमेरपुर
📞 9461830820
वरिष्ठों का अनुभव, युवाओं की ताकत… पंचायत चुनाव से पहले कांग्रेस ने कसी कमर
वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान समारोह बना चुनावी मंथन का मंच | गांव-गांव संपर्क और बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का आह्वान

सुमेरपुर। आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर कांग्रेस ने जमीनी स्तर पर अपनी सक्रियता बढ़ाने की कवायद शुरू कर दी है। शनिवार को ग्राम धणा स्थित चामुंडा माता मंदिर के राजपूत सभा भवन में कांग्रेस के छत्तीस कौम के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान समारोह आयोजित हुआ। समारोह में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान करने के साथ आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर संगठन की भूमिका, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने पर मंथन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांग्रेस प्रत्याशी हरिशंकर मेवाड़ा रहे, जबकि ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नेपाल सिंह जोधा ने अध्यक्षता की। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस संगठन की असली ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं। लंबे समय से पार्टी के लिए काम कर रहे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभव का लाभ लेते हुए युवाओं और नए कार्यकर्ताओं को भी संगठन से जोड़ने की जरूरत है। आगामी पंचायती राज चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक संपर्क मजबूत करने का आह्वान किया गया।
वरिष्ठों का अनुभव और युवा शक्ति कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत—मेवाड़ा

मुख्य अतिथि हरिशंकर मेवाड़ा ने कहा कि पंचायत स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए सभी समाजों के कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना जरूरी है। कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने वर्षों तक संगठन को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके अनुभव और मार्गदर्शन के साथ युवा शक्ति मिलकर आगामी चुनाव में संगठन को नई दिशा दे सकती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेदों को भुलाकर एकजुटता के साथ पार्टी हित में काम करने का आह्वान किया।
वरिष्ठों के सम्मान के साथ चुनावी रणनीति पर मंथन
समारोह के आयोजक महावीर सिंह जोधा कोसेलाव और प्रेरक लक्ष्मण मेघवाल खिमाड़ा रहे। आयोजकों ने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान केवल सम्मान समारोह तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके अनुभव को संगठन की आगामी गतिविधियों में उपयोग करने का प्रयास है।
प्रेरक मेघवाल ने कार्यकर्ताओं से आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर एकजुट होकर पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
गांव-गांव सक्रियता बढ़ाने पर जोर
ब्लॉक अध्यक्ष पावा ने बताया कि कार्यक्रम में आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को अभी से सक्रिय होने की बात कही गई। गांवों में आमजन से संवाद बढ़ाने, पार्टी की नीतियों और विचारधारा को लोगों तक पहुंचाने तथा स्थानीय स्तर पर संगठन की पकड़ मजबूत करने पर जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में मजबूत संगठन ही पार्टी की सफलता का आधार बनेगा। इसके लिए वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ युवाओं और नए चेहरों को भी जिम्मेदारियां देकर संगठन से जोड़ना होगा।
समारोह में पूर्व प्रधान सुमेर सिंह राणावत, शोभा सोलंकी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष ललकार सिंह राणावत, गुलाब सिंह गिरवर, अमृत चौधरी, एडवोकेट तरुण त्रिवेदी, मांगीलाल राजपुरोहित, लक्ष्मण मेघवाल, पेमाराम मीणा, संगीत सिंह, भूराराम देवासी, पुखराज घांची, हनुवंतसिंह खिवांदी, रतन हीरागर, एडवोकेट श्रवण, भंवर राजपुरा, अर्जुन देवासी, आनंद सिंह, भेराराम देवासी, किशन सिंह बीरामी, तगाराम मीणा, कालूराम गर्ग, अवनीन्द्र त्रिपाठी सहित छत्तीस कौम के वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
—
📰 Jawai Digital News की अपील
आपकी खबर, आपकी आवाज… हमारी जिम्मेदारी।
अपने क्षेत्र की सही और सटीक जानकारी हमें भेजें। हम उसे निष्पक्षता के साथ जनता तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
मुख्य संपादक — अरुण बैरवा, सुमेरपुर
📞 9461830820
हर गांव, हर शहर… सच के साथ हर खबर पर हमारी नज़र।






