📰 शहरी सेवा शिविर में आमजन को राहत, एक ही जगह कई कामों का निस्तारण

69 प्रकरणों का निस्तारण, 12 कृषि भूमि पट्टे वितरित; पीएम स्वनिधि योजना में 354 लाभार्थियों को मिला ऋण
सुमेरपुर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगर पालिका सुमेरपुर में चल रहे शहरी सेवा शिविर-2026 फॉलोअप अभियान के तहत मंगलवार को पालिका कार्यालय परिसर में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आमजन से जुड़े विभिन्न कार्यों का मौके पर निस्तारण करते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया गया।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी नरपतसिंह राजपुरोहित ने बताया कि शिविर का उद्देश्य लंबित प्रकरणों का त्वरित समाधान करने के साथ आमजन को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध करवाना है। शिविर में लोगों को अपने लंबित कार्य लेकर पहुंचने तथा योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
एक दिन में कई प्रकरणों का समाधान
शिविर के दौरान 69 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। वहीं कृषि भूमि के 12 पट्टे वितरित किए गए। लीज होल्ड से फ्री होल्ड का एक पट्टा तथा भवन निर्माण स्वीकृति से जुड़े 3 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इसके साथ ही जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन के 13 प्रमाण-पत्र जारी किए गए।
पीएम स्वनिधि योजना में भी बड़ी उपलब्धि
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत शिविर में अब तक 490 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 389 आवेदनों को बैंकों द्वारा स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। वहीं 354 लाभार्थियों को ऋण राशि का सफल वितरण किया जा चुका है। इससे छोटे व्यवसायियों एवं जरूरतमंद लाभार्थियों को आर्थिक संबल मिला है।
शिविर के दौरान कर निर्धारक रजनीश चौधरी, सहायक प्रशासनिक अधिकारी ओमप्रकाश, स्वास्थ्य निरीक्षक यशवंत परिहार, भाजपा जिलामंत्री लक्ष्मणसिंह राजपुरोहित, निवर्तमान पार्षद प्रेमचंद बक्स सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

📌 जवाई डिजिटल न्यूज़ | सुमेरपुर
सच के साथ, हर खबर पर हमारी नज़र
मुख्य संपादक: अरुण बैरवा, सुमेरपुर
📞 9461830820
#JawaiDigitalNews #Sumerpur #Pali #Rajasthan #NagarPalika #ShahriSevaShivir2026 #PM_Svanidhi #जनसेवा #सुमेरपुर #नगरपालिका #शहरीसेवाशिविर




