शिक्षकों की कमी पर भड़का ग्रामीणों का आक्रोश, विद्यालय के बाहर धरने पर बैठे ग्रामीण और छात्र,वेरा विलपुर विद्यालय में रिक्त पद शीघ्र भरने की मांग, लिखित आश्वासन के बाद खत्म हुआ धरना,शिक्षा विभाग और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी

शिवगंज/पोसालिया। रिपोर्ट : चम्पालाल माली पोसालिया
उपखंड शिवगंज क्षेत्र के **वेरा विलपुर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय** में लंबे समय से शिक्षकों के रिक्त पद नहीं भरे जाने से सोमवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। शिक्षकों की भारी कमी से नाराज ग्रामीणों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर धरना देकर शिक्षा विभाग और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्थायी नियुक्तियां नहीं की गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
ग्रामीणों ने कहा कि विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों के अभाव में विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई बाधित हो रही है। कई विषयों की कक्षाएं प्रभावित हैं, जिससे बच्चों का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। उनका कहना था कि बार-बार मांग करने के बावजूद विभाग केवल अस्थायी व्यवस्था कर रहा है, जबकि स्थायी समाधान आज तक नहीं निकाला गया।
धरने की सूचना मिलते ही **पालड़ी एम थाना पुलिस** मौके पर पहुंची। इसके बाद शिक्षा विभाग के अधिकारी भी विद्यालय पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की। काफी देर चली समझाइश और बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। अंततः अधिकारियों ने **एक शिक्षक को तत्काल प्रभाव से नियुक्त करने** तथा शेष रिक्त पदों को शीघ्र भरने का **लिखित आश्वासन** दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।

समाजसेवी ईश्वर सिंह सिसोदिया ने कहा कि यदि तय समय में सभी रिक्त पद नहीं भरे गए तो ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शिक्षा विभाग और प्रशासन की होगी।
धरने में ईश्वर सिंह सिसोदिया, मांगीलाल देवासी, सुखदेव सिंह सिसोदिया, गजेंद्र सिंह सिसोदिया, गणेशाराम, पृथ्वीराज सिंह सिसोदिया, प्रागाराम, सोगाराम, आशाराम, रतनाराम, बेसराराम** सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक और विद्यार्थी मौजूद रहे।
पूर्व पंचायत समिति सदस्य मंगल कुमार मीणाने कहा कि जिलेभर में शिक्षकों के सैकड़ों पद रिक्त हैं। विभाग एक विद्यालय से दूसरे विद्यालय में शिक्षक लगाकर केवल अस्थायी व्यवस्था कर रहा है, जिससे शिक्षा व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि बच्चों के भविष्य को देखते हुए सभी रिक्त पदों पर जल्द स्थायी नियुक्तियां की जाएं।


**📍 जवाई डिजिटल न्यूज़**
** से विशेष रिपोर्ट : चम्पालाल माली*पोसालिया*
**”जवाई डिजिटल न्यूज़ — सच के साथ, सबसे आगे।”**
**📞 खबरों के लिए संपर्क करें : अरुण बैरवा, सुमेरपुर – 9461830820**






