18 की उम्र पूरी, अब लोकतंत्र में पहली दस्तक! शिवगंज कॉलेज में युवाओं ने बढ़ाया मतदाता सूची की ओर कदम
ELC क्लब का क्लस्टर कैंप और हेल्प डेस्क, फॉर्म-6 भरवाकर युवाओं को मतदान के अधिकार की दी जानकारी

शिवगंज। लोकतंत्र में पहली बार मतदान का अधिकार हासिल करने वाले युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए राजकीय महाविद्यालय शिवगंज में ELC क्लब के तत्वावधान में नव मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया गया। कॉलेज परिसर में क्लस्टर कैंप एवं हेल्प डेस्क स्थापित कर पात्र विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया से जोड़ा गया।
निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार आयोजित अभियान में 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके विद्यार्थियों का फॉर्म संख्या 6 के माध्यम से मतदाता पंजीकरण करवाया गया। हेल्प डेस्क पर विद्यार्थियों को ऑनलाइन पंजीकरण, फॉर्म-6 भरने तथा आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित जानकारी दी गई।

कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. रवि शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इस दौरान तहसीलदार राजेश कुमार व्यास एवं नायब तहसीलदार नारायणराम देवासी मौजूद रहे। तहसीलदार ने युवाओं को मतदाता पंजीकरण के महत्व की जानकारी देते हुए पात्र युवाओं से अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने तथा आसपास के अन्य पात्र नागरिकों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
प्राचार्य डॉ. रवि शर्मा ने कहा कि युवाओं की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया।

ELC कोऑर्डिनेटर एवं सहायक आचार्य यामिनी सोलंकी ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन मतदाता पंजीकरण और फॉर्म संख्या 6 भरने की प्रक्रिया समझाई। वहीं BLO देवेंद्र देवासी ने विद्यार्थियों को आवश्यक औपचारिकताओं की जानकारी देते हुए पंजीकरण में सहयोग किया।
कार्यक्रम का संचालन सहायक आचार्य लालराम जांगिड़ ने किया। इस अवसर पर सहायक आचार्य नरपत राम, अनुज काबरा, भंवरलाल सिरवी, तेजाराम एवं संगीता का भी सहयोग रहा।
जवाई डिजिटल न्यूज़ | 
मुख्य संपादक अरुण बैरवा सुमेरपुर, 9461830820
#JawaiDigitalNews #Shivganj #NewVoter #VoterRegistration #ELC #Form6 #ElectionDepartment #YouthVoters #VoterAwareness #ShivganjNews #SirohiNews #RajasthanNews




