सुमेरपुर में कांग्रेस का ‘काला दिवस’: काली पट्टी बांधकर गरजे कार्यकर्ता, चुनाव आयोग और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी
राहुल गांधी-प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस नेताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में उपखंड कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन

सुमेरपुर। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस नेताओं के साथ दिल्ली में हुई कथित धक्का-मुक्की एवं पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को सुमेरपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘काला दिवस’ मनाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। उपखंड कार्यालय परिसर में कांग्रेस पदाधिकारियों, पार्षदों एवं कार्यकर्ताओं ने हाथों पर काली पट्टी बांधकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध जताया।
प्रदर्शन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नेपाल सिंह पावा एवं नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष मेवाड़ा के सानिध्य में हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित INDIA ब्लॉक के सांसद चुनाव आयोग से जवाबदेही की मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रहे थे। कांग्रेस का आरोप है कि इस दौरान नेताओं को रोका गया तथा उनके साथ दुर्व्यवहार और धक्का-मुक्की की गई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर विपक्ष की आवाज को सुना जाना चाहिए और संबंधित मुद्दों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए।
राष्ट्रीय स्तर पर भी कांग्रेस ने 8 अक्टूबर को ऐसे विरोध प्रदर्शनों का आह्वान किया था, जिसमें दिल्ली में राहुल गांधी एवं अन्य विपक्षी नेताओं के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई का विरोध किया गया।
प्रदर्शन में जिला महासचिव जाफर सिलावट, सचिव अनुराग मीणा, पूर्व महासचिव महेश परिहार, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष ललकार सिंह राणावत, ललित परिहार, एडवोकेट किशोर खण्डेलवाल, विनोद सिंह पराखिया, पूर्व पार्षद मेहबूब कायमखानी, पार्षद राजाराम गाडल, अमृतलाल, शैतान कुमार, कमलेश चौहान, हितेश मीणा, एडवोकेट हर्षद देवड़ा, महावीर सिंह कोसेलाव, रूपाराम मीणा, फिरोज खान, बाबूलाल बोराणा, जसवंत भारद्वाज, राकेश बोराणा, बंशीलाल गर्ग सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, पार्षद एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जवाई डिजिटल न्यूज़ | सुमेरपुर
मुख्य संपादक अरुण बैरवा सुमेरपुर, 9461830820
#Sumerpur #JawaiDigitalNews #Congress #BlackDay #RahulGandhi #PriyankaGandhi #GyaneshKumar #ElectionCommission #CongressProtest #SumerpurNews #PaliNews #RajasthanNews #PoliticalNews




