धणा ग्रामीण सेवा शिविर में 25 परिवाद प्राप्त, आवासीय पट्टों सहित विभिन्न योजनाओं का मिला लाभ, उपखंड अधिकारी कालूराम कुम्हार ने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर अधिक से अधिक ग्रामीणों को लाभान्वित करने के दिए निर्देश

सुमेरपुर, 8 जुलाई। राज्य सरकार के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत धणा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाते हुए समस्याओं का समाधान किया।
शिविर का निरीक्षण उपखंड अधिकारी कालूराम कुम्हार ने किया। उन्होंने सभी विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक ग्रामीणों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। तहसीलदार हिमांशु कच्छावा ने भी शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
शिविर प्रभारी जगदीश सुथार ने बताया कि शिविर में कुल 25 परिवाद प्राप्त हुए, जिन्हें शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया। ग्राम पंचायत की ओर से 14 आवासीय पट्टे, 1 मृत्यु प्रमाण पत्र तथा 15 व्यक्तिगत शौचालयों की स्वीकृति जारी की गई।
शिविर में वीबीजीरामजी योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया तथा ग्रामीणों को ठोस कचरा अपशिष्ट नियम-2026 की जानकारी देकर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
राजस्व विभाग ने 8 नामांतरण तथा 5 खातों का शुद्धिकरण किया। चिकित्सा विभाग ने 258 मरीजों का उपचार एवं 215 व्यक्तियों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की। पशुपालन विभाग ने 200 पशुओं का उपचार, 340 पशुओं का टीकाकरण तथा 210 पशुओं को कृमिनाशक दवा पिलाई। आयुर्वेद विभाग ने 19 मरीजों को उपचार का लाभ दिया।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने 2 हैंडपंपों की मरम्मत, 1 स्थान पर पाइप लाइन लीकेज का समाधान तथा 3 स्थानों से पेयजल के नमूनों की जांच करवाई।
शिविर में ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी राम प्रसाद वर्मा, भू-अभिलेख निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह, प्रशासक पेमाराम सीरवी, ग्राम विकास अधिकारी किशोर सीरवी, पटवारी रमेश चौधरी, भाजपा सांडेराव मंडल अध्यक्ष जोराराम देवासी बिरामी, मंडल उपाध्यक्ष श्रीमती सरोज कंवर, शंकर सिंह काकू, विधायक प्रतिनिधि शिव सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
🟡 जवाई डिजिटल न्यूज़ (डिजिटल प्लेटफॉर्म), सुमेरपुर
“सच के साथ, सबसे आगे।”




