🌱 पौधा-रस्म से नगरपालिका उपाध्यक्ष वीणा देवड़ा का सम्मान, 21 औषधीय पौधों के वितरण का लिया संकल्प

सुमेरपुर। पर्यावरण संरक्षण को जनअभियान से जोड़ने की पहल के तहत एक व्यक्ति एक पौधा मिशन राजस्थान की ओर से सुमेरपुर में पौधा-रस्म कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रीन आर्मी मैन एवं अंतरराष्ट्रीय पौधा-रस्म प्रेरक पर्यावरण प्रेमी ओमप्रकाश कुमावत ने नगरपालिका उपाध्यक्ष वीणा मनोहर देवड़ा का पौधा-रस्म के माध्यम से सम्मान किया।
इस अवसर पर वीणा मनोहर देवड़ा ने कहा कि पौधा-रस्म केवल सम्मान की परंपरा नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।
पर्यावरण जागरूकता अभियान से प्रेरित होकर उन्होंने 21 औषधीय पौधों के वितरण का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत घर और विद्यालय से होनी चाहिए। बच्चों में बचपन से ही प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए विद्यालयों में पेड़-पौधों एवं पर्यावरण से जुड़ी प्रतियोगिताएं आयोजित की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि बच्चों का मन कोरे कागज के समान होता है। प्रारंभिक अवस्था में यदि उनमें प्रकृति संरक्षण के संस्कार विकसित किए जाएं, तो यही बच्चे आगे चलकर पर्यावरण संरक्षण के मजबूत प्रहरी बन सकते हैं।
कार्यक्रम में लक्ष्मण कुमार चुली ने प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग को कम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के माध्यम से पौधा-रस्म को सम्मान के साथ-साथ पर्यावरण जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देने वाली पहल के रूप में प्रस्तुत किया गया।
मुख्य संपादक अरुण बैरवा सुमेरपुर, 9461830820
#JawaiDigitalNews #Sumerpur #Paryavaran #PoudhaRasm #पर्यावरणसंरक्षण #पौधारस्म #एकव्यक्तिएकपौधा #PaliNews #GreenMission #Environment




