✨जगमग रोशनी में नहाई सुमेरपुर की जामा मस्जिद, रोशनी से रोशन हुईं गलियां और घर ✨

ईद मिलाद-उन-नबी की तैयारियां चरम पर, रंग-बिरंगी सजावट ने शहर में बिखेरी खुशियों की रोशनी
मुख्य संपादक: अरुण बैरवा, सुमेरपुर
सुमेरपुर। ईद मिलाद-उन-नबी के मुबारक मौके को लेकर सुमेरपुर में उत्साह और रौनक देखते ही बन रही है। शहर की जामा मस्जिद को रंग-बिरंगी आकर्षक विद्युत रोशनी से दुल्हन की तरह सजाया गया है, वहीं मुस्लिम बाहुल्य मोहल्लों में घरों, गलियों और प्रमुख मार्गों को भी आकर्षक रोशनी, झंडियों और सजावट से सजाया गया है।

शाम ढलते ही सुमेरपुर की फिजा रोशनी से जगमगा उठती है। जामा मस्जिद की आकर्षक विद्युत सजावट दूर से ही लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रही है। वहीं रोशनी से सजी गलियों और घरों का नजारा त्योहार की खुशियों और उमंग को और बढ़ा रहा है।
ईद मिलाद-उन-नबी को लेकर युवा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। युवाओं की टोलियां सजावट से लेकर जुलूस की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हुई हैं। मस्जिदों और घरों में विशेष साफ-सफाई के साथ सजावट का कार्य भी पूरा कर लिया गया है।
जामा मस्जिद से निकलेगा जश्ने-आमदे-रसूल का कारवां
ईद मिलाद-उन-नबी के अवसर पर बुधवार 26 अगस्त को सुबह 8 बजे जामा मस्जिद से जश्ने-आमदे-रसूल का जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस शेरवाना होते हुए जवाई बांध रोड, उंदरी और गणेश टॉकीज के रास्ते आगे बढ़ेगा।
इसके बाद जुलूस शिवगंज की ओर जाने वाले मार्ग जवाई नदी किनारे स्थित कब्रिस्तान ( शहरे ख़ामोशा )पहुंचेगा, जहां मौलाना की उपस्थिति में दुआ के साथ मुख्य आयोजन का समापन किया जाएगा। इसके पश्चात जुलूस में शामिल समाजबंधु अपने-अपने गंतव्य की ओर लौटेंगे।
तकरीर में गूंजा अमन और भाईचारे का संदेश
ईद मिलाद-उन-नबी की तैयारियों के बीच सुमेरपुर की जामा मस्जिद में विशेष तकरीर भी पेश की गई। मौलाना जालीम रज्जा ने पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए अमन, इंसानियत, मोहब्बत और भाईचारे का संदेश दिया।
जुलूस के मार्ग में जगह-जगह तबर्क और शरबत वितरण की तैयारियां भी की जा रही हैं। पुलिस एवं प्रशासन की ओर से जुलूस के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर निगरानी रखी जाएगी।
🌙 जवाई डिजिटल न्यूज़ का खास स्लोगन
“रोशनी गलियों में ही नहीं, दिलों में भी हो… ईद मिलाद-उन-नबी का पैगाम हर दिल तक पहुंचे।”
जवाई डिजिटल न्यूज़ सुमेरपुर
हर गांव, हर शहर… सच के साथ हर खबर पर हमारी नज़र।
मुख्य संपादक: अरुण बैरवा, सुमेरपुर
खबर के लिए संपर्क करें: 9461830820
#ईदमिलादुन्नबी #सुमेरपुर #जामा_मस्जिद #जश्नेआमदे_रसूल #अमन_का_पैगाम #भाईचारा #JawaiDigitalNews #SumerpurNews







