सुमेरपुर से 75 किलोमीटर दूर पाली से क्यों मंगवाया डिब्बाबंद भोजन? पैकेट खोलते ही दुर्गंध की शिकायत, सरकारी कार्मिकों की सेहत से खिलवाड़ की जिम्मेदारी किसकी ? सरकारी ट्यूबवेल से चोरी-छिपे पानी लेना पड़ा भारी! नगरपालिका अध्यक्ष चतुर्भुज शर्मा ने मौके पर रुकवाया निर्माण कार्य, एफआईआर के निर्देश सुमेरपुर में आज दशहरे पर दिखेगा भव्यता का संगम! भेरू चौक से निकलेगी विशाल शोभायात्रा, दिल्ली के कलाकार करेंगे रामलीला का मंचन, रंग-बिरंगी आतिशबाजी के बीच जलेगा रावण पंचायत चुनाव 2026 की तैयारियां तेज, सुमेरपुर पहुंचीं EVM मशीनें; कड़ी सुरक्षा में स्ट्रांग रूम सील, सुरक्षित रखरखाव की प्रक्रिया की हुई वीडियोग्राफी सुमेरपुर सदर क्षेत्र में वेयरहाउस से रायड़े की 35 बोरियां चोरी, अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज केनपुरा के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, एक अन्य घायल

सुमेरपुर में टिकट की जंग तेज: भाजपा के 164 तो कांग्रेस के 79 आवेदन 35 वार्डों में भाजपा-कांग्रेस के दावेदारों की बढ़ी सक्रियता, अब टिकट चयन को लेकर मंथन का दौर

सुमेरपुर में टिकट की जंग तेज: भाजपा के 164 तो कांग्रेस के 79 आवेदन

35 वार्डों में भाजपा-कांग्रेस के दावेदारों की बढ़ी सक्रियता, अब टिकट चयन को लेकर मंथन का दौर

सुमेरपुर। नगरीय निकाय चुनाव 2026 को लेकर सुमेरपुर की सियासत में हलचल तेज हो गई है। नगरपालिका के 35 वार्डों में टिकट की दावेदारी को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों में कार्यकर्ताओं और संभावित प्रत्याशियों का उत्साह देखने को मिल रहा है। आवेदन प्रक्रिया के सामने आए आंकड़ों ने चुनावी मुकाबले की तस्वीर को और दिलचस्प बना दिया है।

भाजपा की ओर से शनिवार को नगरपालिका चुनाव के लिए दावेदारों से आवेदन लिए गए, जिसमें 35 वार्डों के लिए कुल 164 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं कांग्रेस की ओर से शुक्रवार को आयोजित आवेदन प्रक्रिया में 79 आवेदन प्राप्त होने की जानकारी सामने आई है। इस तरह फिलहाल प्राप्त आवेदनों के आंकड़ों में भाजपा आगे नजर आ रही है।

भाजपा में टिकट के लिए 164 दावेदारों की दावेदारी

भाजपा की आवेदन प्रक्रिया के दौरान राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, चुनाव प्रभारी जीवन सिंह बासिया, जिला महामंत्री दिग्विजय सिंह राठौड़, अभिषेक दुग्गड़, जिला मंत्री कन्यादेवी गरासिया, मंडल अध्यक्ष रविकांत रावल, हेमावास मंडल अध्यक्ष मनोहर सिरवी तथा जिला सोशल मीडिया संयोजक इंद्रजीत राव सहित पार्टी पदाधिकारियों ने दावेदारों से आवेदन प्राप्त किए।

164 आवेदनों के बाद अब भाजपा में वार्डवार मजबूत दावेदारों को लेकर मंथन शुरू होगा। एक ही वार्ड से कई दावेदार सामने आने के कारण पार्टी नेतृत्व के सामने प्रत्याशी चयन की चुनौती भी कम नहीं होगी।

कांग्रेस में भी टिकट के लिए बढ़ी होड़

कांग्रेस ने शुक्रवार को श्रीराम भवन, पुराना बस स्टैंड सुमेरपुर में आवेदन प्रक्रिया आयोजित की। प्रभारी रतन जणवा एवं प्रमोदपाल सिंह मेघवाल के सानिध्य में हुई बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और संभावित प्रत्याशियों ने आवेदन प्रस्तुत किए।

बैठक में प्रभारी रतन जणवा ने कांग्रेस के प्रति लोगों के जुड़ाव का उल्लेख करते हुए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं द्वारा आवेदन करने की बात कही। वहीं प्रमोदपाल सिंह मेघवाल ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कांग्रेस का बोर्ड बनाने का आह्वान किया।

कांग्रेस की ओर से शुक्रवार को कुल 79 आवेदन प्राप्त हुए। बैठक में अध्यक्ष नेपाल सिंह पावा, जिला महासचिव जाफर सिलावट, नगर अध्यक्ष सुभाष मेवाड़ा, पूर्व सरपंच संघ अध्यक्ष सुमेरसिंह मनवार, संगठन महासचिव संतोकसिंह सोलंकी, पूर्व जिला महासचिव महेश परिहार, युवा कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश राजपुरोहित, नगर महासचिव किशोर खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

164 बनाम 79… आंकड़ों ने बढ़ाया चुनावी रोमांच

सुमेरपुर नगरपालिका के 35 वार्डों में भाजपा के 164 और कांग्रेस के 79 आवेदन सामने आने के बाद दोनों प्रमुख दलों में टिकट की जंग रोचक हो गई है। हालांकि आवेदन की संख्या को सीधे चुनावी ताकत का पैमाना नहीं माना जा सकता, लेकिन इससे यह जरूर संकेत मिलता है कि दोनों दलों में टिकट हासिल करने को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह और प्रतिस्पर्धा है।

अब असली नजर टिकट वितरण पर रहेगी। पार्टी नेतृत्व किस दावेदार पर भरोसा जताता है और किसे मैदान में उतारता है, यह आने वाले दिनों में साफ होगा।

चाय की थड़ी से पार्टी कार्यालय तक चुनावी चर्चा

सुमेरपुर में इन दिनों चुनावी चर्चाएं सिर्फ राजनीतिक बैठकों तक सीमित नहीं हैं। चाय की थड़ियों, नुक्कड़ चर्चाओं और स्थानीय बैठकों में संभावित प्रत्याशियों के नामों को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। कौन किस वार्ड से दावेदारी कर रहा है, किसकी संगठन में पकड़ मजबूत है और किसके पास वार्ड स्तर का जनसमर्थन है—इन सवालों पर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है।

अब 35 वार्डों की चुनावी बिसात पर भाजपा और कांग्रेस किसे अपना मोहरा बनाती हैं, यही सुमेरपुर की चुनावी सियासत का सबसे बड़ा सवाल है।

जवाई डिजिटल न्यूज़ | सुमेरपुर

#Sumerpur #NagarPalikaElection2026 #BJP #Congress #SumerpurElection #JawaiDigitalNews #RajasthanPolitics #नगरपालिका_चुनाव

Leave a Comment

और पढ़ें