मुख्य संपादक: अरुण बैरवा, सुमेरपुर
सुमेरपुर में कांग्रेस की चुनावी रणनीति तेज, 14 वार्डों में संगठन को मजबूत करने पर जोर
बूथ स्तर तक कमेटियां गठित करने के निर्देश, जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर चुनावी मैदान में उतरने का ऐलान

सुमेरपुर। आगामी नगरपालिका चुनाव 2026 को लेकर कांग्रेस ने सुमेरपुर में अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। लगातार दूसरे दिन नगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में वार्डवार बैठकों का दौर जारी रहा। बुधवार को पुराना पाली बस स्टैंड स्थित श्रीराम भवन में वार्ड संख्या 17 से 30 तक के 14 वार्डों के कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त विधानसभा प्रभारी मकसूद अहमद ने की। मंच पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं विधानसभा प्रत्याशी हरीशंकर मेवाड़ा, सुमेर सिंह मनवार, ब्लॉक अध्यक्ष नेपाल सिंह पावा और इब्राहिम सिलावट विशेष रूप से मौजूद रहे।
35 वार्डों में बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की रणनीति

बैठक में विधानसभा प्रभारी मकसूद अहमद ने आगामी नगरपालिका चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सुमेरपुर नगरपालिका क्षेत्र के सभी 35 वार्डों में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और प्रत्येक बूथ पर सक्रिय कमेटियां गठित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि चुनावी जीत का आधार जमीनी संगठन और सक्रिय कार्यकर्ता हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ और वार्ड में जनता के बीच सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी निभानी होगी।
‘जनता के बीच पकड़ रखने वालों को ही मिलेगा टिकट’

बैठक में कांग्रेस नेताओं ने टिकट वितरण को लेकर भी स्पष्ट संदेश दिया। हरीशंकर मेवाड़ा, सुमेर सिंह मनवार, नेपाल सिंह पावा, नगर अध्यक्ष सुभाष मेवाड़ा सहित अन्य नेताओं ने कहा कि पार्टी ऐसे कार्यकर्ताओं और चेहरों को प्राथमिकता देगी, जिनकी जनता के बीच मजबूत पकड़ है, जो पार्टी के प्रति निष्ठावान हैं और लंबे समय से सक्रिय रूप से संगठन के लिए काम कर रहे हैं।
नेताओं ने कहा कि बिकाऊ और गैर-जिम्मेदार छवि वाले लोगों को टिकट नहीं दिया जाएगा, बल्कि जमीन से जुड़े और जनता के बीच स्वीकार्य चेहरों को चुनाव मैदान में उतारने पर जोर रहेगा।
पानी, सफाई, सड़क और स्ट्रीट लाइट को बनाया चुनावी मुद्दा
बैठक में कांग्रेस नेताओं ने शहर की मूलभूत सुविधाओं को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर की जनता पानी, सफाई, सड़क और स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याओं से जूझ रही है।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इन जनसमस्याओं को प्रमुख मुद्दा बनाकर पार्टी आगामी नगरपालिका चुनाव में जनता के बीच जाएगी और स्थानीय मुद्दों को लेकर मजबूत अभियान चलाएगी।

मतभेद भुलाकर एकजुटता का आह्वान
बैठक में कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया गया। नेताओं ने कहा कि संगठन का लक्ष्य स्पष्ट है—हर वार्ड में मजबूत संगठन और कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करना।
बैठक की शुरुआत में राज्यसभा सदस्य नीरज डांगी की बहन श्रीमती पुष्पा एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता धरमाराम मेघवाल के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक में सरदार खान, महेश परिहार, कैलाश गोयल, खूबचंद खत्री, गोविंद राठौड़, मेहबूब कायमखानी, ललित परिहार, मानसिंह, आनंद चांवरिया, अनुराग मीणा, अल्केश परिहार, शैतान कुमार, मांगीलाल गर्ग, संजय बाफना, नरेंद्र कुमावत, अमृतलाल परमार, जगदीश राजगुरु, रमेश कुमार लोहार, कमलेश चौहान, हिम्मत गहलोत, सोहनलाल माली, अमरसिंह, गोविंद कुमावत, मुकेश भारती, उत्तम देवड़ा, प्रवीण सिंह भाटी, बंटी देवड़ा, शहजाद हुसैन, यशवंत भारद्वाज, गोविंद कुमार, भगवान लाल, केसाराम मीणा और दिलावर खां सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक का संचालन जिला महासचिव जाफर सिलावट ने किया। अंत में संगठन महासचिव संतोक सिंह सोलंकी ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

मुख्य संपादक: अरुण बैरवा, सुमेरपुर
Jawai Digital News
सच के साथ, सबसे आगे।
#Sumerpur #MunicipalElection2026 #Congress #SumerpurNews #JawaiDigitalNews #नगरपालिका_चुनाव #कांग्रेस #सुमेरपुर #राजस्थान_राजनीति




