— मुख्य संपादक: अरुण बैरवा, सुमेरपुर | 9461830820
गुरु कृपा से सेवा का संकल्प और मजबूत हुआ, दाती महाराज से आशीर्वाद लेने पहुंचे डॉ. मुकेश भाटी
गौसेवा, बेटियों की शिक्षा और राष्ट्रसेवा को बताया जीवन का सर्वोच्च धर्म, गुरु पूर्णिमा महोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब
सुमेरपुर | जवाई डिजिटल न्यूज़
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित भव्य आध्यात्मिक महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और गुरु महिमा के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर श्री शनिधाम पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी परमहंस निजस्वरूपानंद पुरी महाराज (दाती महाराज) ने हजारों श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देते हुए गौसेवा, मातृभूमि के प्रति समर्पण और बेटियों की उच्च शिक्षा को समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी बताया।
महोत्सव में संत सेवा एंड गौरक्षा कल्याण परिषद, नई दिल्ली के राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष, आशापुरा कॉलेज ऑफ फार्मेसी, नाडोल के संस्थापक एवं मौकाबेन धनाजी एजुकेशन एंड हेल्थ केयर सोसायटी के सचिव डॉ. मुकेश भाटी विशेष रूप से पहुंचे। उन्होंने दाती महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
मारवाड़ी परंपरा के अनुरूप दाती महाराज ने डॉ. मुकेश भाटी का साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत किया। अपने प्रेरक उद्बोधन में उन्होंने कहा कि “गौमाता की सेवा, माता-पिता का सम्मान और मातृभूमि के प्रति समर्पण ही सच्चे जीवन का आधार है।” उन्होंने समाज से आह्वान किया कि बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, तभी एक सशक्त और संस्कारित राष्ट्र का निर्माण संभव होगा।
इस अवसर पर डॉ. मुकेश भाटी ने कहा कि गुरु का आशीर्वाद ही उन्हें मानव सेवा, गौसेवा और जरूरतमंद बेटियों को उच्च शिक्षा से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना ही उनका जीवन लक्ष्य है और इसी भावना के साथ वे शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाते रहेंगे।
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. भाटी ने गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश एवं देशवासियों से सेवा, संस्कार, सद्भाव और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

— मुख्य संपादक: अरुण बैरवा, सुमेरपुर | 9461830820







