सुथारो का गुड़ा में आम रास्ते पर जलभराव से ग्रामीण परेशान, विद्यालय व आंगनबाड़ी के पास फैली गंदगी
स्वास्थ्य केंद्र के अधूरे निर्माण से बाधित हुई जल निकासी, बच्चों और ग्रामीणों को हो रही भारी परेशानी

शिवगंज/पोसालिया (सिरोही)। उपखंड शिवगंज के सुथारो का गुड़ा गांव में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के समीप आम रास्ते पर लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। इसके चलते ग्रामीणों, विद्यार्थियों और राहगीरों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय के पास स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के आसपास भी गंदगी और पानी जमा होने से संक्रमण फैलने की आशंका बढ़ गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य प्रवेश द्वार पर निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार द्वारा काम अधूरा छोड़ दिए जाने से जल निकासी व्यवस्था बाधित हो गई। परिणामस्वरूप बरसात का पानी आम रास्ते पर जमा हो रहा है, जिससे लोगों को कीचड़ और गंदे पानी से होकर आवागमन करना पड़ रहा है।

बरसात के मौसम में हालात और अधिक गंभीर हो जाते हैं। विद्यालय आने वाले छात्र-छात्राओं, आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचने वाले छोटे बच्चों तथा महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं लंबे समय तक पानी भरे रहने और गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से मौसमी बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आम रास्ते से जलभराव हटाने के लिए शीघ्र जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए, स्वास्थ्य केंद्र के प्रवेश द्वार पर अधूरे पड़े निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराया जाए तथा नियमित साफ-सफाई कराकर लोगों को राहत प्रदान की जाए।
रिपोर्ट: चम्पालाल माली, पोसालिया
जवाई डिजिटल न्यूज़
“सच के साथ, सबसे आगे”
मुख्य संपादक: अरुण बैरवा, सुमेरपुर
मो.: 9461830820




