बड़ी लापरवाही! मोरली पंचायत में मौत को दावत देता बिजली का लटकता तार, महीनों से अंधेरे में डूबे गांव
जनजीवन मिशन की टंकी के पास 3-4 फीट की ऊंचाई पर लटका बिजली का वायर, स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर मंडरा रहा खतरा

जवाई डिजिटल न्यूज़ | सुमेरपुर
सिरोही**।** ग्राम पंचायत मोरली के सरदारपुरा गांव में प्रशासनिक लापरवाही ग्रामीणों की जान पर भारी पड़ सकती है। जनजीवन मिशन की पानी की टंकी के समीप रोड लाइट का बिजली का वायर पिछले कई महीनों से मात्र 3 से 4 फीट की ऊंचाई पर लटका हुआ है। इसी मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और ग्रामीणों का आवागमन रहता है। बारिश के मौसम में यह लटकता हुआ तार कभी भी शॉर्ट सर्किट या करंट फैलने का कारण बन सकता है, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस गंभीर समस्या की जानकारी कई बार ग्राम पंचायत को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक न तो लटकते तार को सुरक्षित किया गया और न ही कोई स्थायी समाधान किया गया। लोगों का आरोप है कि पंचायत की उदासीनता के कारण ग्रामीण भय के साये में जीवन जीने को मजबूर हैं।
पूरा गांव अंधेरे में, अपराध और हादसों का बढ़ा खतरा
सरदारपुरा ही नहीं, बल्कि पूरे पंचायत क्षेत्र की अधिकांश रोड लाइटें कई महीनों से बंद पड़ी हैं। रात होते ही गांव अंधेरे में डूब जाता है। बरसात के मौसम में अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।
बरेवड़ा से भी लगातार आ रही शिकायतें
ग्रामीणों ने बताया कि बरेवड़ा गांव में भी लंबे समय से कई रोड लाइटें बंद हैं। बार-बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष है।
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं ग्राम पंचायत से मांग की है कि जनजीवन मिशन की टंकी के पास लटक रहे बिजली के तार को तत्काल सुरक्षित कराया जाए तथा सरदारपुरा, बरेवड़ा सहित पूरे पंचायत क्षेत्र की बंद पड़ी रोड लाइटों को शीघ्र चालू कराया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई और कोई जनहानि हुई, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायत की होगी।
✍️ रिपोर्ट : चम्पा लाल माली, पोसालिया
— जवाई डिजिटल न्यूज़, सुमेरपुर
“सच के साथ, सबसे आगे”




