सुमेरपुर में पहली बार सजी KBG की हॉट सीट, 17 प्रतिभागियों ने आजमाया ज्ञान

KBC की तर्ज पर शांति भवन में हुआ ‘कौन बनेगा ज्ञानवान’ कार्यक्रम, LED स्क्रीन, म्यूजिक और लाइटिंग ने बांधा समां; धर्म, ज्ञान और मनोरंजन का दिखा अनूठा संगम
सुमेरपुर। श्री शांति भवन में श्री वासुपूज्य जैन संघ एवं श्री जैन युवा संघ के तत्वावधान में पहली बार ‘कौन बनेगा ज्ञानवान’ (KBG) कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। KBC की तर्ज पर हुए इस ज्ञानवर्धक एवं मनोरंजक कार्यक्रम में धर्म, जैन दर्शन, सामान्य ज्ञान और समसामयिक विषयों से जुड़े सवालों ने प्रतिभागियों और दर्शकों को रोमांचित कर दिया। हाईटेक LED स्क्रीन, म्यूजिक, लाइटिंग और मंचीय प्रस्तुति ने पूरे आयोजन को टीवी शो जैसा माहौल प्रदान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ आयोजन की लाभार्थी श्रीमती संगीता जैन के मंगलाचरण से हुआ। इसके बाद विराजमान साध्वीगण ने मांगलिक श्रवण कराया। साध्वी श्री दर्शिता श्री जी म.सा., साध्वी श्री विरागधर्मा श्री जी म.सा., साध्वी श्री अर्हधर्मा श्री जी म.सा., नूतन दीक्षित साध्वी श्री दिव्यधर्मा श्री जी म.सा. एवं साध्वी श्री दृष्टिधर्मा श्री जी म.सा. आदि ठाणा की पावन निश्रा में आयोजित कार्यक्रम में साध्वीगण ने ज्ञान की महिमा पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को आशीर्वाद प्रदान किया।

KBC स्टाइल में अनिल जैन ने जमाया रंग
कार्यक्रम के होस्ट अनिल जैन ने KBC की तर्ज पर मंच संभाला तो पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। सवाल-जवाब का अंदाज, बैकग्राउंड म्यूजिक, LED स्क्रीन और लाइफलाइन के इस्तेमाल ने कार्यक्रम को और रोमांचक बना दिया। हॉट सीट पर बैठे प्रतिभागियों के साथ दर्शकों में भी हर सवाल के जवाब को लेकर उत्सुकता बनी रही।

17 प्रतिभागियों ने हॉट सीट पर दिखाया ज्ञान
कार्यक्रम में कुसुम पारेख, पूनम सिंघवी, स्वाति जैन, पिंकी जैन, ममता बैन, संगीता बैन रांका, वंदना बैन, कांता बैन, पिंकी राजू भाई, अक्षिता जैन, डिम्पल बैन, सुषमा जैन, रीना लुनिया, ललिता डलीचंद जी, रागिनी बैन, राखी दीपक जी एवं सूवा देवी लूनिया सहित कुल 17 प्रतिभागियों ने हॉट सीट पर बैठकर अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया।
सभी प्रतिभागियों से कुल 10 प्रश्न पूछे गए। कई प्रतिभागियों ने 7 पड़ाव तक शानदार खेल दिखाया, जबकि कई प्रतिभागियों ने सभी 10 सवालों के सही जवाब देकर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। कार्यक्रम की खास बात रही कि कोई भी प्रतिभागी खाली हाथ नहीं गया। प्रतिभागियों ने 50-50 और फोन-ए-फ्रेंड जैसी लाइफलाइन का भी रोमांचक अंदाज में इस्तेमाल किया।

धर्म से सामान्य ज्ञान तक पूछे रोचक सवाल
KBG में धर्म और सामान्य ज्ञान का शानदार मिश्रण देखने को मिला। वासुपूज्य भगवान का जन्मस्थान, भगवान महावीर की माता, जैन ध्वज के रंग और णमोकार मंत्र के पद जैसे धार्मिक प्रश्न पूछे गए। वहीं WhatsApp किस कंपनी का है, ISRO का मुख्यालय कहां है और GST का पूरा नाम क्या है जैसे सामान्य ज्ञान के सवालों ने भी प्रतिभागियों की परीक्षा ली।
इस अनूठे मिश्रण ने कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक होने के साथ-साथ मनोरंजक भी बनाए रखा।

KBG Junior और आम जनता ने भी बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में KBG Junior के बच्चों तथा आम जनता से भी रोचक सवाल पूछे गए। बच्चों और दर्शकों ने उत्साहपूर्वक सवालों के जवाब देकर कार्यक्रम में अपनी भागीदारी निभाई। इस दौरान साध्वीगण द्वारा मुस्कुराते हुए दोनों हाथ उठाकर होस्ट अनिल जैन को आशीर्वाद देना कार्यक्रम का भावुक एवं यादगार क्षण रहा।
विहार सैनिकों का विशेष बहुमान
कार्यक्रम के दौरान श्री जैन युवा संघ सुमेरपुर एवं शिवगंज के विहार सैनिकों का विशेष बहुमान किया गया। महाराज साहब के साथ पैदल विहार सेवा में चलने वाले इन विहार सैनिकों द्वारा पूरे राजस्थान में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर श्री वासुपूज्य जैन संघ की ओर से माला एवं तिलक से सम्मानित किया गया।
इसके बाद कार्यक्रम की लाभार्थी श्रीमती संगीता जैन एवं श्री अनिल जैन परिवार का भी भव्य बहुमान किया गया।

लोगों ने कहा—ऐसा आयोजन हर साल होना चाहिए
प्रतिभागी श्रीमती कुसुम पारेख ने कहा कि KBG के माध्यम से KBC जैसा लाइव अनुभव मिला। उन्होंने अनिल जैन एवं संगीता जैन की ओर से किए गए आयोजन की सराहना की।
वहीं कपिल लुणिया ने अनिल जैन एवं ट्रस्ट कमेटी का आभार जताते हुए कहा कि सुमेरपुर में पहली बार इतना भव्य और ज्ञानवर्धक कार्यक्रम हुआ है। ऐसे आयोजन लगातार होने चाहिए।
कार्यकर्ताओं के सहयोग से सफल हुआ आयोजन
कार्यक्रम की सफलता में श्री सुरेंद्र लुणिया, श्री प्रकाश जी लुणिया, श्री पीयूष जैन सहित समस्त कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा। अंत में अल्पाहार एवं जैन शासन की जय-जयकार के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
आयोजन के बाद लोगों के बीच यही चर्चा रही कि सुमेरपुर में पहली बार आयोजित हुआ यह KBG कार्यक्रम अपने अनूठे प्रारूप के कारण लंबे समय तक याद रखा जाएगा। लोगों ने भविष्य में भी ऐसे ज्ञानवर्धक एवं मनोरंजक आयोजन लगातार कराने की आवश्यकता जताई।
आयोजक : श्री वासुपूज्य जैन संघ एवं श्री जैन युवा संघ, सुमेरपुर

मुख्य संपादक अरुण बैरवा सुमेरपुर 306902
Jawai Digital News
हर गांव, हर शहर… सच के साथ हर खबर पर हमारी नज़र।
#Hashtags
#JawaiDigitalNews #ArunBairwa #SumerpurNews #KBG #KaunBanegaGyanwan #JainSamaj #JainYuvaSangh #VasupujyaJainSangh #PaliNews #Sumerpur #JainSamajSumerpur #RajasthanNews #KnowledgeProgram




