मातृ शक्ति सम्मेलन में गूंजा संस्कारों का संदेश, 558 से अधिक माताओं ने लिया भाग

सुमेरपुर। आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुमेरपुर में बुधवार को मातृ शक्ति सम्मेलन एवं शिशु नगरी का भव्य आयोजन हुआ। सम्मेलन में 558 से अधिक माताओं एवं बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, ॐ एवं भारत माता के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

मुख्य वक्ता जिला व्यवस्थापक ओटाराम चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों के पालन-पोषण और संस्कार निर्माण में माताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बच्चों में नैतिक चरित्र, पारिवारिक मूल्य, भारतीय धर्म-संस्कृति, शास्त्रों तथा महापुरुषों के जीवन आदर्शों के संस्कार विकसित किए जाने चाहिए। उन्होंने मोबाइल के अत्यधिक उपयोग, पाश्चात्य फास्ट फूड के दुष्प्रभाव, बड़ों के सम्मान एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर भी विचार रखे।
विशिष्ट अतिथि षनीवाल ने कहा कि मां बच्चे की प्रथम गुरु होती है। पौष्टिक भोजन बच्चों के स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। जीवन के प्रारंभिक दौर में बच्चे सबसे अधिक अपनी मां से सीखते हैं, इसलिए अच्छी आदतों और संस्कारों के निर्माण में माताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।

पूर्व छात्रा हर्षिता परिहार ने भक्तिमय भजन प्रस्तुत कर कार्यक्रम को भावपूर्ण बना दिया। मुख्य अतिथि ने मातृभाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति एवं सभ्यता के संस्कार बच्चों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव हैं। उन्होंने माताओं से कौशल्या एवं जीजाबाई जैसे आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
शिशु नगरी की गतिविधियों का किया अवलोकन
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं मातृ शक्ति ने शिशु नगरी मेले की विभिन्न व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों का अवलोकन किया। शिशु वाटिका प्रभारी दुरेश गर्ग ने शिशु वाटिका की 12 व्यवस्थाओं एवं 14 विभिन्न क्रियाकलापों की जानकारी दी। अतिथियों एवं माताओं ने व्यवस्थाओं और गतिविधियों की सराहना की।
अतिथियों का परिचय एवं स्वागत सहायक प्रधानाचार्य वीणू सोलंकी ने किया तथा मंच संचालन जया त्रिवेदी ने किया। इस अवसर पर माध्यमिक प्रधानाचार्य श्रवण कुमार त्रिवेदी, प्राथमिक प्रधानाचार्य कुलदीप दत्ता, प्रबंध समिति व्यवस्थापक जितेश बांठिया, समिति सदस्या अंजना चौधरी, मुक्ता जैन, प्रेम कंवर राणावत, सुनीता अग्रवाल एवं राखी भाटी सहित विद्यालय के प्राथमिक एवं माध्यमिक भाग के समस्त आचार्य-आचार्याएं उपस्थित रहे।कार्यक्रम की सफलता में अभिभावक मदन माली एवं मातृ भारती अध्यक्ष रंजनी माली का विशेष सहयोग रहा। अंत में प्रबंध समिति व्यवस्थापक जितेश बांठिया ने सभी अतिथियों, मातृ शक्ति एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
डिजिटल न्यूज़ जवाई
मुख्य संपादक अरुण बैरवा सुमेरपुर,
9461830820




